रांझी में मजदूर ने की आत्महत्या : आर्थिक तंगी से था बेहाल, बबूल के पेड़ में लटककर लगा ली फांसी

जबलपुर, यशभारत। रांझी के शारदा नगर पार्क में आज शनिवार को सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक युवक का बबूल के पेड़ में लटका हुआ शव देखा गया। जिसने भी यह वीभत्स दृश्य देखा रौंगटे खड़े हो गए। जिसके बाद मौके पर पुलिस को सूचित किया गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने मर्ग कायम कर मामला जांच में लिया है।
रांझी थाना प्रभारी विजय परस्ते ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि पार्क के पेड़ में गमछे से युवक का लटकता हुआ शव देखा गया। पूछताछ करने पर शव की शिनाख्त रतन सिंह 35 वर्ष के रुप में हुई है। मृतक को तत्काल फांसी के फंदे से उतारकर पीएम हेतु रवाना किया गया है। रतन यादव पेशे से मजदूरी करता था और प्रारंभिक जांच में बताया जा रहा है कि वह आर्थिक तंगी से बेहाल था, जिसके चलते वह नशे का आदी हो चुका था। इसी तनाव में आकर उसने यह आत्मघाती कदम उठाया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।