रंगों की बौछार से सराबोर शहर, हर तरफ होली का उल्लास, उमंग और उत्साह के बीच मनाया जा रहा पर्व, पुलिस के चाक चौबंद इंतजाम

कटनी, यशभारत। शहर में आज रंगों का त्यौहार धुरेड़ी उत्साह और उमंग के साथ मनाया जा रहा। बच्चों से लेकर बड़े तक होली के रंगों में सराबोर नजर आए। गली मोहल्लों से लेकर कालोनियों में रंगों की बौछार होती रही। युवतियां और महिलाएं भी पीछे नहीं रहीं। उन्होंने भी जमकर होली खेली और पर्व का आनंद उठाया। शहर के प्रमुख चौराहों में भी युवकों की टोली होली की मस्ती में चूर नजर आई। कल रात होलिका दहन के बाद आज और कल शहर होली के रंगों में सराबोर नजर आएगा। गुलाल और अबीर से एक-दूसरे को सराबोर करने की होड़ और होली के गीतों की मस्ती के साथ रंगों का त्योहार होली आज बुधवार को पूरे जिले में हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। हर तरफ होली की धूम दिख रही है। बच्चे, बूढ़े, जवान सभी होली की मस्ती में थे। अभी तक कहीं से किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है। जिले में होली की उमंग कल से ही दिखने लगी थी। मंगलवार की शाम होलिका दहन के बाद से ही लोग होली के रंग में रंगने लगे थे। सुबह होते-होते लोग होली की मस्ती में डूब गए। बच्चों की मस्ती तो कल शाम से ही दिखने लगी थी। गांव हो या शहर, हर जगह होली की उमंग और उत्साह एक समान था। बच्चे सुबह से ही रंग, पिचकारी लेकर घर से निकल गए और अपने हम उम्र साथियों के साथ होली के आनंद में मशगूल हो गए। युवाओं की भी अपनी अगल महफिल जमीं थी। यह नजारा मुहल्ले के हर कॉलोनी, गली और चौक चौराहे पर दिख रहा था। महिलाओं की टोली भी किसी से कम नहीं
थी। घर की छत या अपार्टमेंट की छत पर महिलाओं की महफिल जमी थी। पुरूषों की तरह महिलाओं ने भी होली का आनंद उठाया। सभी एक- दूसरे को रंगने में जुटी हुई थी। होली में लजीज व्यंजनों के बिना त्योहार अधूरा माना जाता है।






