
यूपी के रण यानी विधानसभा चुनाव 2022 का दूसरा फेज। 9 जिलों की 55 सीटें और दांव पर 586 उम्मीदवारों की किस्मत। इसका फैसला 2 करोड़ वोटर आज कर देंगे। दोपहर एक बजे तक 39% वोटिंग हुई है। इस बीच भाजपा ने चुनाव आयोग से शिकायत की है कि सेकेंड फेज में बुर्के जा रही महिलाओं की पहचान के बिना ही वोट पड़वाए जा रहे हैं। इसके चलते फर्जी मतदान हो रहा है। इनकी पहचान महिला पुलिसकर्मियों और चुनाव कर्मियों से कराई जाए।
मुरादाबाद में सपा और बसपा समर्थकों के बीच मारपीट और पथराव हुआ है। इसके बाद प्रधान समेत 5 लोग हिरासत में लिए गए हैं। सहारनपुर में में समाजवादी पार्टी और भाजपा के समर्थकों में लड़ाई हुई है। अमरोहा में सपा प्रत्याशी ने अपने समर्थकों पर लाठीचार्ज का आरोप लगाया और जमकर हंगामा किया।