कटनी

यात्री से मनमाना किराया वसूलने पर विवाद, ऑटो चालक ने साथियों के साथ मिलकर किया हंगामा, एनकेजे पुलिस ने की प्रतिबंधात्मक कार्यवाही, ऑटो जप्त

कटनी, यशभारत। कटनी स्टेशन से जुहला बाईपास में यात्री को अपने साथ ले जाने के बाद एक ऑटो चालक ने उससे मनमाना किराया वसूल करने की कोशिश की। यात्री ने अधिक किराया नहीं दिया तो उसने हुड़दंग मचाते हुए अपने साथियों के साथ मिलकर सडक़ में हंगामा खड़ा कर दिया। इसी बीच एनकेजे पुलिस ने हंगामा मचा रहे ऑटो चालक एवं उसके साथियों को गिरफ्तार कर लिया और उनके खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्यवाही की है। एनकेजे थाना प्रभारी रूपेंद्र राजपूत ने बताया कि रिषी नामदेव ने सूचना दी कि वह कटनी स्टेशन से जुहला बायपास की ओर ऑटो में सवार होकर जा रहा था। जुहला बायपास मार्ग स्थित बस स्टैण्ड के पास ऑटो चालक ने तय किराए से अधिक राशि की मांग की। जब पीडि़त ने अतिरिक्त किराया देने से मना किया, तो ऑटो चालक एवं उसके साथियों प्रकाश साहू, आयुष बर्मन एवं रिषी मल्होत्रा ने उत्तेजित होकर गाली-गलौज की और सार्वजनिक स्थान पर अशांति एवं भय का वातावरण निर्मित करने लगे। मौके पर उपस्थित लोगों ने समझाइश दी, परंतु उक्त व्यक्तियों ने विवाद जारी रखा, जिस पर पुलिस को सूचना दी गई। सूचना प्राप्त होते ही एनकेजे थाने से एएसआई मनोज कुड़ापे को स्टाफ के साथ घटनास्थल भेजा गया। पुलिस द्वारा समझाइश देने के बावजूद आरोपियों के शांत न होने पर कार्यवाही की गई। तीनों व्यक्तियों को धारा 170 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार किया गया। ऑटो चालक प्रकाश साहू से वाहन के दस्तावेज मांगे गए, जो वह प्रस्तुत नहीं कर सका। मोटर व्हीकल एक्ट के अंतर्गत कार्यवाही करते हुए ऑटो जप्त किया गया। आरोपियों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्यवाही के लिए धारा 126/135(3)के तहत इस्तगासा तैयार कर माननीय एसडीएम न्यायालय में प्रस्तुत किया गया। कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आयुष बर्मन पिता स्व. प्रहलाद बर्मन निवासी खिरहनी फाटक, प्रकाश साहू पिता रामचरण साहू निवासी पुरैनी कुठला, रिषी मल्होत्रा पिता अनिल कुमार मल्होत्रा निवासी गायत्री नगर को गिरफ्तार करते हुए कार्रवाई की गई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button