सागर यश भारत (संभागीय ब्यूरो)/ जिले के सुरखी विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम जैसीनगर क्षेत्र के करैया में शुक्रवार दोपहर एक बड़ी घटना सामने आई है। यहां स्थित माध्यमिक शाला के 12 से अधिक स्कूली बच्चों की अचानक तबीयत बिगड़ने से हड़कंप मच गया है। बीमार बच्चों में 5 बच्चियां और 7 बच्चे शामिल हैं, जिन्हें तत्काल उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) ले जाया गया। गम्भीर रूप से पीड़ित तीन बच्चों को जिला अस्पताल रेफर किया गया है जहां जिला कलेक्टर संदीप जी आर तथा जिला शिक्षा अधिकारी अरविंद जैन ने पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया है।
बच्चों ने खा लिए थे ‘रतनजोत’ के बीज
बच्चों की तबीयत बिगड़ने का कारण स्कूल से लौटते समय ‘रतनजोत’ (Jatropha Curcas) के बीज खा लेना बताया गया है। डॉक्टरों के अनुसार, बीज खाने के कुछ देर बाद ही बच्चों को उल्टी, पेट दर्द और जी मिचलाने जैसी शिकायतें शुरू हो गईं और उनकी हालत तेजी से बिगड़ने लगी।
3 बच्चों की हालत गंभीर, जिला अस्पताल रेफर
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद, डॉक्टरों ने बच्चों की नाजुक हालत को देखते हुए, 3 बच्चों को तत्काल जिला अस्पताल, सागर के लिए रेफर कर दिया है। बताया जाता है कि तीनों बच्चों में विष का असर अधिक था।
बाकी बच्चों का इलाज जैसीनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में जारी है और उनकी स्थिति अब नियंत्रण में बताई जा रही है। स्वास्थ्य विभाग और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर मौजूद है और पूरी घटना की निगरानी कर रही है।
कलेक्टर और जिला शिक्षा अधिकारी पहुंचे जिला चिकित्सालय: जाना पीड़ित बच्चों का हाल-चाल
घटना की जानकारी मिलते ही सागर जिला कलेक्टर संदीप जी आर जिला शिक्षा अधिकारी अरविंद जैन के साथ जिला चिकित्सालय पहुंचे और पीड़ित बच्चों व उनके परिवार जनों से मुलाकात कर उनके हाल-चाल जाने। कलेक्टर संदीप जी आर ने अस्पताल प्रबंधन को बच्चों की समुचित देखभाल और चिकित्सा तथा स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
परिजनों में मचा हड़कंप
इस घटना की जानकारी मिलते ही बच्चों के परिजनों में हड़कंप मच गया और वे तत्काल अस्पताल पहुंचे। उन्होंने स्कूल प्रबंधन से बच्चों को ऐसे जहरीले बीजों से दूर रखने के लिए जागरूकता अभियान चलाने की मांग की है।
> क्या है रतनजोत
> रतनजोत, जिसे जैट्रोफा करकास भी कहा जाता है, के बीज हल्के जहरीले होते हैं क्योंकि इनमें टॉक्सिक लेक्टिन (Toxalbumins) और अन्य विषाक्त पदार्थ मौजूद होते हैं। इन्हें खाने से उल्टी, दस्त, पेट में ऐंठन और गंभीर डीहाइड्रेशन हो सकता है।
जिला अस्पताल और स्वास्थ्य केंद्र से बच्चों के स्वास्थ्य से जुड़ी हर अपडेट पर हमारी नज़र बनी हुई है।
Back to top button