यशभारत कार्यालय में उल्लास के साथ मनाई गई गणतंत्र दिवस की 77वीं वर्षगांठ, समाजसेवी डॉ. उमा निगम ने किया ध्वजारोहण

कटनी, यशभारत। महाकौशल के सबसे ज्यादा पढ़े जाने वाले सांध्य दैनिक यशभारत कार्यालय में गणतंत्र दिवस की 77वी वर्षगांठ उल्लास के साथ मनाई गई। इस मौके पर मुख्य अतिथि जागृति संस्था की अध्यक्ष समाजसेवी डॉ. श्रीमती उमा निगम ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी। इसके उपरांत भारत माता और राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के तेलचित्रों पर माल्यार्पण किया गया। ध्वजपूजन के बाद राष्ट्रगान हुआ और भारत माता की जय के नारों से सारा आलम गुंजायमान हो उठा। इस मौके पर सभी ने देश की एकता और अखंडता को अक्षुण्य बनाए रखने का संकल्प लिया। अपने उद्बोधन में स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. श्रीमती उमा निगम ने यशभारत परिवार को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं देते हुए अखबार की निष्पक्षता और सटीक खबरों की सराहना की। उन्होंने कहा कि आज ही के दिन भारत का संविधान लागू हुआ था। हमे अपने अधिकारों के साथ ही कर्तव्यों के प्रति भी सजग रहना चाहिए। मिष्ठान वितरण और स्वल्पाहार के बाद कार्यक्रम संपन्न हुआ। कार्यक्रम के उपरांत डॉ. श्रीमती उमा निगम का सम्मान भी किया गया। इस अवसर पर यशभारत के स्थानीय संपादक आशीष सोनी, सहायक संपादक आशीष रैकवार, पत्रकार संजय खरे, विज्ञापन मैनेजर कृष्णकुमार ठाकुर, मार्केटिंग एक्जिक्यूटिव आलोक त्रिपाठी, अलीम खान, विनोद दुबे, संजय खूबचंदानी अखिलेश दुबे, शिक्षक राजेश सोनी, शिक्षिका श्रीमती अंजू सोनी, पूर्व पार्षद शिल्पी सोनी, श्रीमती रेनू रैकवार, अजय महतो की मौजूदगी रही। 







