जबलपुरभोपालमध्य प्रदेशराज्य

मोहब्बत के लिए बच्चों को छोड़ाः 2 साल की बेटी और 5 साल के बेटे से कहा पापा लेने आएंगे, पापा बच्चों को रखने से इंकार किया

उज्जैन यशभारत।  उज्जैन में एक महिला ने मोहब्बत के लिए अपने बच्चों को दांव पर लगा दिया। वह दोनों बच्चों को छोड़कर बॉयफ्रेंड के साथ भाग गई। वह बच्चों से अस्पताल जाने का कहकर गई थी। लेकिन इसके बाद लौटकर नहीं आई। उसने बच्चों से कहा था कि आपको बड़े पापा ले जाएंगे। हालांकि अब बच्चों को पड़ोसी संभाल रहे हैं। उधर, पिता ने भी बच्चों को रखने से इनकार कर दिया है। महिला ने सोशल मीडिया पर लिखा कि बच्चों को उनके पापा को दे देना। इसके बाद अकाउंट ब्लॉक कर दिया।

देसाई नगर में रहने वाली महिला की शादी करीब 7 साल पहले पंवासा के रहने वाले युवक से हुई थी। पति रेलवे में नौकरी करता है। दोनों का 5 साल का बेटा और 2 साल की बेटी है। करीब सालभर पहले सोशल मीडिया पर महिला की दोस्ती अभिषेक मौर्य से हुई। अभिषेक बर्फ गोला का ठेला लगाता है। दोनों के बीच बातचीत होने लगी और प्रेम-प्रसंग शुरू हो गया। पति को इसका पता चला, तो उनके बीच झगड़ा होने लगा। आखिरकार चार महीने पहले उन्होंने तलाक ले लिया।

4 महीने पहले पति को छोड़ दिया

तलाक के बाद महिला देसाई नगर में बॉयफ्रेंड अभिषेक के घर बच्चों के साथ रहने आ गई। 26 जून को महिला अचानक बीमार हो गई। उसे जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया। वह बच्चों से कहकर गई कि बड़े पापा आकर आपको ले जाएंगे। मैं अस्पताल जा रही हूं। देर शाम तक बच्चे घर में अकेले रहे। घर के बाहर भटकने लगे। दोनों को रोता देख पड़ोसियों ने बच्चों से पूछा और पुलिस को सूचना दी।

पड़ोसी 6 दिन से संभाल रहे जिम्मेदारी

मासूमों को रोता-बिलखता देख पड़ोसी दोनों बच्चों की देखभाल करने लगे। फिलहाल पड़ोसी सूर्य प्रकाश अखंड व आशीष श्रीवास के परिवार वाले बच्चों का लालन-पालन कर रहे हैं। पड़ोसियों ने बताया कि बेटी अपनी मां को याद करते हुए दिन भर रोती है।

भागने के बाद सोशल मीडिया पर एक्टिव थी मां

दोनों मासूमों को छोड़कर भागने के बाद भी महिला सोशल मीडिया पर एक्टिव थी। जब पड़ोसियों ने उससे सोशल मीडिया एप इंस्टाग्राम पर सम्पर्क किया, तो उसने इतना कहा कि बच्चों को उसके पिता को दे देना। इसके बाद अकाउंट ब्लॉक कर दिया।

अब बच्चों का क्या होगा?

मां के जाने के बाद बच्चों के पिता ने भी उनकी जिम्मेदारी उठाने से इनकार कर दिया है। पिता ने दैनिक भास्कर को बताया कि उसकी पत्नी अपनी मर्जी से प्रेमी के साथ भागी है। बच्चों को पहले वही साथ लेकर गई थी। अब वही छोड़ गई। अब वह बच्चों को अपने साथ नहीं रखेगा। जिसके बाद बच्चों का क्या होगा, इसी बात से सब परेशान हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button