मोबाईल दुकान का शटर तोड़कर लाखों के मोबाईल चोरी करने वाले आरोपी चढ़े कोतवाली पुलिस के हत्थे, कब्जे से साढ़े तीन लाख रुपये के मोबाइल बरामद

कटनी, यशभारत। कोतवाली अंतर्गत सब्जी मंडी पलाश होटल के पीछे स्थित मोबाईल युग स्टोर दुकान में शटर तोड़कर लाखों रूपये के मोबाईल फोन चोरी करने वाले अंतर्राज्जीय गिरोह के 3 सदस्यों को गिरफ्तार करने में कोतवाली पुलिस को सफलता प्राप्त हुई है।
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि विगत 21 फरवरी को गांधी हिन्दुजा पिता विशनदास हिन्दुजा निवासी नि. शास्त्री कालोनी ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि इसकी सब्जी मंडी कटनी में मोबाईल युग के नाम से मोबाईल फोन की दुकान है। अज्ञात चोर दुकान का शटर तोड़कर दुकान में रखे ओप्पो, वीवो, रीयलमी कंपनी के करीब 20 मोबाईल फोन चोरी कर ले गया है। फरियादी की रिपोर्ट पर थाना कोतवाली कटनी में अप.क्र. 204/2025 धारा 331 (4), 305 (ए) बीएनएस का पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। घटना के संबंध में वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं नगर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी कोतवाली राखी पाण्डेय को टीम बनाकर आरोपियों की पता तलाश कर माल मशरूका बरामद किए जाने हेतु निर्देशित किया गया।
थाना प्रभारी कोतवाली व उनकी टीम द्वारा घटनास्थल पर लगे सीसीटीव्ही फुटेज का बारीकी से निरीक्षण किया गया। जिसमें 3 संदिग्ध लड़के दुकान में चोरी की घटना घटित करते हुए दिखे। संदिग्ध व्यक्तियों की पता तलाश हेतु मुखबिर मामूर किए गए एवं सीसीटीव्ही फुटेज विभिन्न व्हाट्स एप ग्रुप में प्रसारित कर दस्तयावी के प्रयास किए गए। साथ ही सायबर सेल कटनी से तकनीकी सहायता प्राप्त की गई। विवेचना के क्रम में घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीव्ही फुटेज का अवलोकन करने पर संदेही मेन रेल्वे स्टेशन कटनी से सतना जाने वाली ट्रेन में जाते हुए दिखाई दिए। जो तत्काल
2 टीमों को मैहर, सतना, रीवा की ओर खाना किया गया। टीमों के द्वारा कई स्थानों पर लगे सीसीटीव्ही कैमरों का गहन अध्ययन करने पर तीनों संदेही पुनः सतना रेल्वे स्टेशन से भोपाल तरफ जाने वाली ट्रेन में जाते दिखे। जिसके आधार पर एवं सायबर सेल की मदद से संदेही व्यक्तियों की पता तलाश भोपाल, इटारसी, जबलपुर तरफ की गई। जो संदेही व्यक्तियों को महाराज ढ़ाबा सिहोरा बायपास सिहोरा के पास पकड़ा गया। पूछताछ पर तीनों व्यक्तियों ने कटनी की सब्जी मंडी स्थित मोबाईल दुकान में चोरी की घटना कारित करना स्वीकार किया। आरोपियों के कब्जे से दुकान से चोरी किए गए 20 नग मोबाईल फोन बरामद किए गए।
इन आरोपियों की हुई गिरफ्तारी
पुलिस ने इस मामले में बाला उर्फ अक्षय पिता हेमराज कोबाड़ उम्र 26 वर्ष निवासी हिगना थाना हिगना जिला नागपुर महाराष्ट्र, सद्दाम उर्फ निसार पिता नासिर खान उम्र 21 वर्ष निवासी इरशाद कॉलोनी खजराना थाना खजराना इंदौर एवं ताहिर पिता मजीद खान उम्र 23 वर्ष निवासी खजुरी कला थाना पिपलानी भोपाल को गिरफ्तार करते हुए अलग अलग कंपनीयों के 20 नग मोबाईल फोन कीमती 3 लाख 50 हजार रुपये बरामद किया है।
रैकी कर वारदात को देते थे अंजाम
गिरफ्तार हुए आरोपी भोपाल, इंदौर व नागपुर अलग-अलग स्थानों के रहने वाले है जो घूम-घूम कर रैकी करने के उपरांत चोरी की घटनाओं को अंजाम देते है। जिन्होनें पूर्व में नासिक, जलगांव व अन्य स्थानों में चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया गया किन्तु पकड़े नहीं गए। गिरफ्तार आरोपियों के विरूद्ध पूर्व से दूसरे राज्यों में भी अपराधिक प्रकरण पंजीबद्ध होना पाए गए है। उक्त आरोपी अपनी पहचान छिपाकर फर्जी आधार कार्ड/पेन कार्ड का उपयोग करके होटल में रूकते थे और फिर शहर में घूमकर रैकी कर चोरी की घटनाओं को अंजाम देकर अपने-अपने शहरों में भाग जाते है। आरोपियान से अन्य घटनाओं के संबंध में पूछताछ की जा रही है।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डा. संतोष डेहरिया, श्रीमान नगर पुलिस अधीक्षक नेहा पच्चीसिया के मार्गदर्शन में, थाना प्रभारी कोतवाली राखी पाण्डेय, चौकी प्रभारी खिरहनी किशोर द्विवेदी, कुलदीप सिंह, एएसआई रमेश शरण मिश्रा, विजय गिरी, प्रधान आरक्षक रामपाल बागरी, अनिल सेंगर, वीरेन्द्र सिंह, पुष्पराज सिंह, आर. विवेक मिश्रा, प्रवीण सिंह, मंसूर हुसैन, मोहन मण्डलोई, दिनेश सेन, अजीत सिंह, सायबर सेल कटनी से आरक्षक अजय साकेत, चंदन, अमित एवं सीसीटीव्ही कंट्रोल रूम से आरक्षक देवराज सिंह, रोहित शर्मा की अहम भूमिका रही।





