मोबाइल से दर्ज होगी यौन उत्पीड़न की शिकायत, रेलवे ने लॉन्च किया ‘शाइन’ मॉड्यूल

कटनी, यशभारत। महिला रेलकर्मियों को कार्यस्थल पर सुरक्षित और सशक्त वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से रेलवे बोर्ड ने एक नई डिजिटल पहल शुरू की है। इसके तहत ह्यूमन रिसोर्स मैनेजमेंट सिस्टम में ‘सेक्सुअल हरासमेंट इंसीडेंट नोटिफिकेशन फॉर एम्पॉवरमेंट (शाइन)’ नामक नया मॉड्यूल तैयार किया गया है। शाइन मॉड्यूल की मदद से महिला कर्मचारी अपने मोबाइल फोन के माध्यम से यौन उत्पीड़न से जुड़ी शिकायत गोपनीय तरीके से दर्ज करा सकेंगी। रेलवे बोर्ड के अनुसार यह सुविधा पूरे भारतीय रेलवे नेटवर्क में लागू की जाएगी। रेलवे बोर्ड ने जानकारी दी है कि इस नए मॉड्यूल को 8 मार्च को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर लॉन्च किया गया है। इसके क्रियान्वयन के लिए सभी जोनल रेलवे को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं, ताकि प्रणाली को समय पर लागू किया जा सके। इस पहल का उद्देश्य महिला कर्मचारियों को सुरक्षित और भरोसेमंद शिकायत तंत्र उपलब्ध कराना है।
मोबाइल से गोपनीय शिकायत दर्ज हो सकेंगी
बताया गया कि ‘शाइन’ मॉड्यूल की एक महत्वपूर्ण विशेषता यह है कि इसमें केवल महिला रेलकर्मी ही नहीं बल्कि रेलवे से जुड़े अन्य वर्ग भी शिकायत दर्ज करा सकेंगे। रेलवे से संबद्ध स्कूलों की छात्राएं, रेलवे परिसरों में आने वाली महिला विजिटर, कॉन्ट्रैक्ट पर काम करने वाली महिला कर्मचारी और मजदूर भी इस मॉड्यूल के माध्यम से अपनी शिकायत दर्ज करा सकती हैं। इसके अलावा अधिकृत अधिकारी भी किसी महिला कर्मचारी की ओर से एचआरएमएस पोर्टल पर शिकायत दर्ज करने में सक्षम होंगे।
समिति तक सीधे पहुंचेगी शिकायत
इस मॉड्यूल में दर्ज होने वाली सभी शिकायतें सीधे संबंधित आंतरिक शिकायत समिति के पास ऑनलाइन पहुंचेंगी। शिकायत प्राप्त होने के बाद समिति द्वारा मामले की जांच और आवश्यक कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इसके साथ ही संबंधित अधिकारी इन मामलों की प्रगति पर लगातार निगरानी रखेंगे, ताकि शिकायतों का समय पर और प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जा सके।
सुरक्षित कार्यस्थल की दिशा में महत्वपूर्ण कदम
रेलवे बोर्ड का मानना है कि यह मॉड्यूल महिला कर्मचारियों के लिए सुरक्षित कार्यस्थल सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा। डिजिटल प्रणाली के माध्यम से शिकायत दर्ज करने की सुविधा से महिलाओं को बिना किसी डर या दबाव के अपनी बात रखने का अवसर मिलेगा।








