मुंबई एयरपोर्ट पर एयर इंडिया–इंडिगो विमानों की विंग्स टकराईं, सभी सुरक्षित; जांच के लिए उड़ान रोकी गई

मुंबई, यश भारत । मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर मंगलवार को एक मामूली लेकिन गंभीरता से ली गई घटना सामने आई, जब एयर इंडिया और इंडिगो की दो उड़ानों की विंग्स (पंख) आपस में टकरा गईं। राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई भी यात्री या क्रू सदस्य घायल नहीं हुआ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एयर इंडिया की फ्लाइट AI 2732 मुंबई से कोयंबटूर के लिए रवाना होने से पहले रनवे पर खड़ी थी। इसी दौरान इंडिगो की फ्लाइट 6E 791, जो हैदराबाद से मुंबई पहुंचने के बाद टैक्सी कर रही थी, उसकी विंग एयर इंडिया के विमान की विंग से टकरा गई।
घटना के तुरंत बाद एयरपोर्ट अधिकारियों ने सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत दोनों विमानों को रोक दिया। एयर इंडिया के विमान को तकनीकी जांच के लिए ग्राउंडेड कर दिया गया, ताकि किसी भी संभावित नुकसान का आकलन किया जा सके।
सूत्रों के मुताबिक, इस टक्कर में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है और सभी यात्री सुरक्षित हैं। एयरपोर्ट प्रशासन और संबंधित एयरलाइंस द्वारा घटना की जांच की जा रही है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि टैक्सींग के दौरान यह चूक कैसे हुई।
एयरपोर्ट अथॉरिटी ने यात्रियों को आश्वस्त किया है कि सुरक्षा मानकों से कोई समझौता नहीं किया जाएगा और जांच पूरी होने के बाद ही आगे की उड़ानों को अनुमति दी जाएगी।







