मालगाड़ी हादसे के बाद एक्शन में रेलवे प्रशासन: WCR महाप्रबंधक ने किया घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण

कटनी, यशभारत। कटनी में पिछले दिनों हुए मालगाड़ी हादसे को रेलवे प्रशासन ने बेहद गंभीरता से लिया है। शुक्रवार को पश्चिम मध्य रेल (WCR) के महाप्रबंधक (GM) ने दुर्घटना स्थल का सघन निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ जबलपुर मंडल के एडीआरएम (ADRM) आनंद कुमार और रेलवे बोर्ड द्वारा गठित विशेष जांच समिति के सदस्य भी मौजूद रहे। महाप्रबंधक ने मौके पर मौजूद वरिष्ठ अधिकारियों के साथ हादसे के तकनीकी कारणों पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जांच प्रक्रिया को जल्द से जल्द पूरा कर रिपोर्ट सौंपी जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
SSE स्तर पर चल रही है जांच
एडीआरएम आनंद कुमार ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि महाप्रबंधक का यह दौरा वैसे तो नियमित निरीक्षण का हिस्सा था, लेकिन उन्होंने विशेष प्राथमिकता के साथ मालगाड़ी हादसे वाले स्थल का जायजा लिया। वर्तमान में हादसे की जांच एसएसई (SSE) स्तर पर की जा रही है। वास्तविक कारणों का खुलासा पूरी जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा।
रेल यातायात पूरी तरह बहाल
हादसे के तुरंत बाद युद्धस्तर पर किए गए मरम्मत कार्यों के चलते रेलवे ट्रैक को पहले ही बहाल कर दिया गया था। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, वर्तमान में इस रूट पर रेल यातायात पूरी तरह सामान्य है और सभी यात्री व मालगाड़ियां अपने निर्धारित समय से चल रही हैं।








