माता पिता द्वारा बेचे जाने के बाद सपना ने शुरू किया मानव तस्करी का गोरखधंधा, बेटी की सहेली को हरियाणा में 1 लाख 20 हजार में बेचा, रंगनाथ नगर पुलिस ने किया खुलासा

कटनी, यशभारत। रंगनाथ नगर पुलिस ने मानव तस्करी करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश करते हुए इस अवैध गोरखधंधे में लिप्त एक महिला को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। महिला ने कुछ दिन पहले अपनी बेटी की सहेली नाबालिक किशोरी को एक लाख 20 हजार रूपए में हरियाणा में एक युवक को बेचकर उसकी शादी करा दी थी। लडक़ी के परिजनों की रिपोर्ट पर पुलिस ने जब मामले की जांच पड़ताल की तो बड़ा खुलासा हुआ। पुलिस ने इस मामले में बंधवा टोला निवासी एक महिला को गिरफ्तार करते हुए पूछताछ शुरू की तो एक के बाद एक कड़ी जुड़ती चली गई। महिला से पूछताछ के बाद पुलिस ने हरियाणा निवासी एक युवक को गिरफ्तार करते हुए किशोरी को युवक के चंगुल से मुक्त कराया। खास बात यह है कि मानव तस्करी के इस अवैध गोरखधंधे में लिप्त महिला सपना गुर्जर को भी उसके माता-पिता ने 11 साल की उम्र में बेच दिया था, जिसके बाद वह इस धंधे में लिप्त हो गई। रंगनाथनगर थाना प्रभारी नवीन नामदेव ने बताया कि थाना क्षेत्र के अंतर्गत रहने वाली एक 15 वर्षीय किशोरी के साथ अचानक लापता होने के बाद उसके परिजनों द्वारा थाने आकर रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। परिजनों ने बताया कि किशोरी अपनी सहेली के घर अक्सर जाया करती थी। जब वह कई दिनों तक घर वापस नहीं लौटी, तब परिजनों ने पुलिस से गुहार लगाई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल जांच शुरू की। 5 अगस्त को रंगनाथ नगर थाने में किशोरी के अपहरण का मामला धारा 363 के तहत दर्ज किया गया और तलाश शुरू की गई।
पुलिस ने किशोरी को कराया मुक्त
रंगनाथ नगर थाना प्रभारी नवीन नामदेव ने बताया कि पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. संतोष डेहरिया एवं नगर पुलिस अधीक्षक नेहा पचीसिया के मार्गदर्शन में इस मामले की जांच शुरू की गई तो मानव तस्करी और बलात्कार का मामला सामने आया। बताया जाता है कि नाबालिग किशोरी को उसकी सहेली की मां ने हरियाणा में 1 लाख 20 हजार रुपए में बेचकर जबरन विवाह करा दिया। इस घिनौने कांड में आरोपी महिला ने खुद को किशोरी की मां और एक अन्य व्यक्ति को मामा बनाकर सौदा किया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हरियाणा के हूडल जिला पलवल में छापा मारा, जहां किशोरी 25 वर्षीय रॉबी जाट के कब्जे में मिली। पूछताछ में रॉबी ने बताया कि उसने सपना गुर्जर और कथित मामा को 1 लाख 20 हजार रुपए देकर किशोरी से विवाह किया था। किशोरी पिछले 8 दिनों से भागने की कोशिश कर रही थी। पुलिस ने किशोरी को मुक्त कराया और रॉबी को गिरफ्तार कर कटनी लाया गया।
इनका कहना है
नगर पुलिस अधीक्षक नेहा पचीसिया ने बताया कि पुलिस जांच में सामने आया कि सपना गुर्जर किशोरियों को बेचकर जबरन शादी कराने का एक गिरोह चला रही थी। सपना को भी उसके माता-पिता ने 11 साल की उम्र में बेच दिया था, तभी से इस धंधे में लिप्त थी। इस मामले में झांसी व हरियाणा क्षेत्र के दो अन्य लोग भी शामिल हैं, जिनकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है। पुलिस ने सपना गुर्जर और रॉबी जाट के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है।
रंगनाथनगर थाना प्रभारी नवीन नामदेव ने बताया कि पुलिस ने किशोरी की सहेली की मां सपना गुर्जर निवासी बंधवा टोला से पूछताछ की गई। पूछताछ में सपना पहले गुमराह करती रही लेकिन बाद सख्ती से की गई पूछताछ में उसने सब बता दिया। सपना ने बताया कि उसने हरियाणा के एक युवक के साथ मिलकर किशोरी को 1 लाख 20 हजार रुपए में बेच दिया और उसका जबरन विवाह करा दिया है।







