महिला की हत्या कर खेत में दफनाया:पति ने कहा- कपड़े धो देना, अफेयर से खफा पत्नी बोली- उसी से धुलवा लो; मां-बेटी के सामने बंदूक के बट से पीटकर मार डाला

भिंड के जिनौरा गांव में 50 साल की महिला की हत्या के 3 दिन बाद उसका शव घर के पीछे खेत से बरामद हुआ है। महिला की हत्या उसके पति ने की थी। वारदात वाले दिन पति ने महिला से कपड़े धोने के लिए कहा था, लेकिन पति के अफेयर से नाराज महिला ने इससे इनकार कर दिया। कहा- जहां जा रहे हो, उसी से धुलवा लो। वो ही तुम्हारी सब कुछ है। इसी बात से गुस्साए पति ने बंदूक के बट से पीटकर उसे मार डाला। पुलिस ने शव की तलाश के लिए 7 घंटे तक जगह-जगह खुदाई की। बाद में जेसीबी से 10 फीट नीचे दफ्न शव को बाहर निकाला गया।
आरोपी का नाम मुन्नू पाल (55) है। उसकी पत्नी कुसुम पाल (50) को उसके अफेयर के बारे में पता चल गया था। इस वजह से दोनों में विवाद होता था। सोमवार को दोनों के बीच भी इसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था। घटना के वक्त घर में आरोपी की मां विशना देवी और बेटी सोना मौजूद थी। मां, बेटी के सामने मुन्नू को पत्नी द्वारा किया गया तंज बर्दाश्त नहीं हुआ। गुस्से में आकर उसने पहले डंडे से हमला किया। इसके बाद बंदूक के बट से मारता रहा। इससे कुसुम की मौके पर मौत हो गई। मुन्नू ने रात के अंधेरे में घर के पीछे खेत में कुएं के पास गहरा गड्ढा खोदा और दफना दिया। मां और बेटी को धमकी देकर शांत कर दिया। दूसरे दिन बेटी को उसकी ससुराल नयागांव, पावई भेज दिया और स्वयं फरार हो गया।
ऐसे खुला मामला
कुसुम पाल की मां ने उसे फोन लगाया। दो दिन तक फोन नहीं उठा। इस पर मायके वालों ने कुसुम की बेटी को फोन लगाया। वहां से उन्हें पूरी घटना पता चली। गुरुवार को फूप थाना पुलिस से ग्वालियर निवासी विनोद पाल ने आकर बताया कि उसकी बहन कुशुम पाल की हत्या उसके पति ने कर दी और शव को खेत में छिपा दिया। इस सूचना पर फूप थाना पुलिस जिनौरा गांव में मुन्नूपाल के घर पहुंची। घर में मां विशना बाई मौजूद थी। पुलिस ने मां से बातचीत की तो उसने घटना होना स्वीकारा और खेत में शव को दफनाने की बात कही। इसके बाद पुलिस ने बेटी सोना को भी सुसराल से बुलवाया।
पांच जगह खेत में खोदे गड्ढे, कुएं के पास दफना मिला शव
पुलिस ने विशना बाई से शव के बारे में पूछा। महिला ने बताया कि रात के अंधेरे में शव को दफन किया है। इसलिए बता पाना मुश्किल है। इसके बाद पुलिस ने खेत में जगह-जगह खुदाई करवाई। गुरुवार शाम 5 बजे से पुलिस ने खुद फावड़े लेकर खते में गड्ढा खोदा। बाद में जेसीबी बुलाई। रात 12 बजे शव कुएं के पास खुदाई के दौरान मिला। पांच जगह पुलिस को गड्ढे खोदने पड़े।
मेरे भाई का किसी महिला से संबंध है इसलिए होता था विवाद
आरोपी के भाई रामजीलाल पाल ने बताया, ‘मैं और मेरा परिवार ग्वालियर रहता है। गांव आना जान कम है। बंटवारे को लेकर मुन्नू का और मेरा विवाद चला आ रहा है। मेरे भाई मुन्नू का भिंड में रहने वाली एक महिला से संबंध है। इस बात को लेकर भैया और भाभी में विवाद चलता था। भाई के दो बेटे और दो बेटी हैं। दोनों बेटी और एक बेटे की शादी हो चुकी है। मेरा और भाई मुन्नू का कोई ज्यादा संपर्क नहीं है।’