महाशिवरात्रि की पूर्व संध्या पर पं.देव प्रभाकर शास्त्री दद्दा जी के नाम डाक टिकट हुआ जारी
दद्दाजी के आध्यात्मिक योगदान, सनातन धर्म के प्रचार-प्रसार तथा समाजहित में किए गए उनके उल्लेखनीय कार्यों को राष्ट्रीय स्तर पर मिला सम्मान

महाशिवरात्रि की पूर्व संध्या पर देव प्रभाकर शास्त्री दद्दा जी के नाम डाक टिकट जारी
कटनी, यशभारत। मानस मर्मज्ञ गृहस्थ संत परमपूज्य गुरुदेव पंडित देव प्रभाकर शास्त्री दद्दा जी के अनुयायियों और श्रद्धालुओं के लिए अत्यंत हर्ष का विषय है कि महाशिवरात्रि की पूर्व संध्या पर भारतीय डाक विभाग द्वारा उनके सम्मान में स्मारक डाक टिकट जारी किया गया है।यह डाक टिकट सहजता व सरलता की प्रतिमूर्ति पूज्य दद्दाजी के आध्यात्मिक योगदान, सनातन धर्म के प्रचार-प्रसार तथा समाजहित में किए गए उनके उल्लेखनीय कार्यों को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान प्रदान करता है।महाशिवरात्रि जैसे पावन पर्व पर यह पहल उनके शिवभक्ति, तप और त्याग को समर्पित मानी जा रही है। श्रद्धालुओं ने इसे पूरे क्षेत्र के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताते हुए प्रसन्नता व्यक्त की है। भक्तों का कहना है कि गुरुदेव के मार्गदर्शन में समाज में आध्यात्मिक चेतना और सांस्कृतिक मूल्यों का संवर्धन हुआ है, जिसे अब राष्ट्रीय पहचान मिली है। यह डाक टिकट 16 स्टाम्प के एक शिट में जारी किया गया है, जिसमें गुरुदेव की तस्वीर के साथ एक बड़े भवन की पृष्ठभूमि है। स्टाम्प के शिट में एक घंटी की छोटी तस्वीर और एक सजावटी डिज़ाइन तत्व भी शामिल है।
गुरुदेव के अनुयायियों का कहना है कि यह डाक टिकट उनकी आध्यात्मिक विरासत को और भी मजबूत करेगा और आने वाली पीढ़ियों को उनके आदर्शों पर चलने के लिए प्रेरित करेगा।







