महापौर- नगरीय प्रशासन आयुक्त ने किया उमरिया गौशाला, पीएम आवास और डुमना नेचर पार्क का निरीक्षण

महापौर- नगरीय प्रशासन आयुक्त ने किया उमरिया गौशाला, पीएम आवास और डुमना नेचर पार्क का निरीक्षण
जबलपुर। महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू, नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के आयुक्त श्री संकेत भोंडवे और अपर आयुक्त डॉ. परीक्षित झाड़े ने आज उमरिया स्थित गौशाला का निरीक्षण किया। इस दौरान नगर निगम जबलपुर की आयुक्त श्रीमती प्रीति यादव, अपर आयुक्त श्री वी.एन. बाजपेई, श्री प्रशांत गोंटिया, श्री मनोज श्रीवास्तव एवं अधीक्षण यंत्री श्री कमलेश श्रीवास्तव सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।निरीक्षण के दौरान गौशाला की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए अधिकारियों ने आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और पशुओं के रख-रखाव में और सुधार लाने पर बल दिया।
इसके उपरांत, आयुक्त श्री संकेत भोंडवे एवं अपर आयुक्त डॉ. झाड़े ने निगमायुक्त प्रीति यादव के साथ मोहनिया पीएम आवास योजना और डुमना नेचर पार्क का सघन निरीक्षण किया। अधिकारियों ने पीएम आवास योजना के अंतर्गत निर्माणाधीन आवासों की स्थिति, गुणवत्ता और कार्य की प्रगति की जानकारी ली और कार्य में गति लाने के निर्देश दिए।
डुमना नेचर पार्क में पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पौधारोपण कर अधिकारियों ने हरित संदेश दिया।
अंत में, आयुक्त और अपर आयुक्त नगर निगम के कार्यालय पहुँचे जहाँ निगमायुक्त श्रीमती प्रीति यादव ने उनका आत्मीय स्वागत किया। वरिष्ठ अधिकारियों के साथ शहर के विकास एवं स्वच्छता से जुड़े विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।







