मदर्स डे विशेष: निगमायुक्त प्रीति यादव ने बताया मां के ममत्व, मार्गदर्शन और प्रेरणा का महत्व
जबलपुर की निगमायुक्त और आईएएस अधिकारी प्रीति यादव ने मदर्स डे पर सभी माताओं को नमन किया।

जबलपुर नगर निगम की निगमायुक्त, आईएएस अधिकारी प्रीति यादव ने मदर्स डे के अवसर पर अपनी मां शांति देवी यादव को याद करते हुए उनके अमूल्य योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि उनकी सफलता, विशेषकर भारतीय प्रशासनिक सेवा में चयन और नगर निगम जबलपुर की पहली महिला आयुक्त बनने में उनकी मां का महत्वपूर्ण मार्गदर्शन और सकारात्मक प्रेरणा शामिल है।
प्रीति यादव ने कहा कि उनकी मां के सशक्त मार्गदर्शन और समर्पण के बिना उनके लिए यह सफलता प्राप्त करना संभव नहीं था। उन्होंने जोर देकर कहा कि जीवन में किसी भी बड़े लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए बच्चों के जीवन में माताओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने वर्तमान मुकाम तक पहुंचने में अपनी मां के योगदान को सर्वोपरि और अमूल्य बताया।

मदर्स डे के इस विशेष अवसर पर निगमायुक्त प्रीति यादव ने देश की सभी माताओं को प्रणाम करते हुए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने सभी बेटों और बेटियों से अपील की कि वे अपने माता-पिता का ईश्वर की भांति सम्मान करें और उनके आशीर्वाद तथा मार्गदर्शन के सहारे अपने लक्ष्यों की ओर बढ़ते हुए अपने भविष्य को संवारें।