देश

भाजपा में हलचल बढ़ी : जिला कार्यकारिणी और एल्डरमैन के लिए नेताओं ने बताएं अपनी पसंद के नाम, प्रपत्र में भरकर दिए 10- 10 नाम, वन टू वन मिलकर विधायकों ने बताई अपनी पसंद, कल भोपाल में नामों के लिफाफे सौंपेंगे पर्यवेक्षक

कटनी ( आशीष सोनी) । भाजपा जिला कार्यालय में आज हलचल तेज है। खबर है कि प्रदेश कार्यालय से नियुक्त पर्यवेक्षकों रमेश भटेरे और सुजीत जैन की मौजूदगी में जिला कार्यकारिणी के लिए रायशुमारी चल रही है। दोनों पर्यवेक्षक आज सुबह कटनी पहुंचे तथा कुछ देर सर्किट हाउस में रुकने के बाद दोपहर साढ़े 12 बजे जिला कार्यालय पहुंचे। रायशुमारी में केवल चुनिंदा नेताओं को ही शामिल किया गया। इनके बीच चले डिस्कशन से ही जिला भाजपा की नई टीम के नाम फाइनल होंगे। पात्र लोगों से पर्यवेक्षकों ने उनकी पसंद के नामों के प्रपत्र भी भरवाए।

गौरतलब है कि जिलाध्यक्ष के चुनाव हुए 3 माह से ज्यादा का समय बीत चुका है, लेकिन राजनीतिक वजहों से जिले की नई कार्यकारिणी का गठन नहीं हो पाया। प्रदेश अध्यक्ष के रूप में हेमंत खंडेलवाल की ताजपोशी के बाद संगठन के कामकाज में तेजी आई और रिक्त पड़े पदों से लेकर जिले की नई टीम के विषय में विचार विमर्श का दौर प्रदेश स्तर पर शुरू हुआ। इस बार हेमंत खंडेलवाल ने सभी के सामंजस्य से नए पदाधिकारी नियुक्त करने की मंशा से जिलों में पर्यवेक्षकों की नियुक्ति कर दी। कटनी के लिए बनाए गए पर्यवेक्षक रमेश भटेरे और सुजीत जैन ने आज कटनी पहुंचकर वरिष्ठ भाजपा नेताओं और जनप्रतिनिधियों से मुलाकात की। भाजपा जिला कार्यालय में दोपहर साढ़े 12 बजे शुरु हुई रायशुमारी बैठक में केवल चुनिंदा लोग ही अपेक्षित थे, इनमें पार्टी जिला प्रभारी संजय साहू, जिलाध्यक्ष दीपक सोनी टंडन, विधायक संदीप जायसवाल, विधायक धीरेन्द्र बहादुर सिंह, पूर्व विधायक श्रीमती अलका जैन, महापौर प्रीति सूरी, पूर्व महापौर शशांक श्रीवास्तव, पूर्व जिलाध्यक्ष चमनलाल आनंद, रामचंद्र तिवारी, पीतांबर टोपनानी, रामरतन पायल, विजय शुक्ला शामिल रहे। तीन विधायकों ने पर्यवेक्षकों से मुलाकात कर अपनी पसंद बता दी है, जबकि बहोरीबंद विधायक प्रणय पांडे कटनी से बाहर हैं।

वन टू वन मुलाकात

सूत्र बताते हैं कि पर्यवेक्षकों ने पहले उपस्थितजनों से सामूहिक विचार विमर्श किया, इसके बाद वन टू वन मुलाक़ात की। नेताओं को अलग अलग बुलाकर जिला कार्यकारिणी और एल्डरमैन के लिए नाम मांगे गए। पात्र नेताओं को प्रपत्र दिया गया, जिनमें अपनी पसंद के 10- 10 नाम भरकर देना थे। इन नामों को भोपाल में स्कूटनी के बाद जिला कार्यकारिणी, एल्डरमैन और विभिन्न समितियों में एडजस्ट किया जाएगा। जिला कार्यकारिणी में 20 पदों कर नियुक्तियां होना हैं, जिनमें जिला महामंत्री और जिला उपाध्यक्ष के लिए सबसे ज्यादा रस्साकसी है। अन्य पदों के लिए भी एक अनार सौ बीमार जैसी स्थिति है। सूत्र बता रहे हैं कि विधायकों ने भी अपनी पसंद के नामों से पर्यवेक्षकों को अवगत करा दिया है। खबर है कि जिला कार्यकारिणी और एल्डरमैन के नामों वाले प्रपत्र को अलग अलग लिफाफों में बंद कर आज रात पर्यवेक्षक भोपाल रवाना हो जाएंगे और कल प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल को यह लिफाफा सौंप दिया जाएगा। इसके बाद की प्रक्रिया में इन नामों पर प्रदेश के नेताओं के बीच चर्चा होगी और फाइनल सूची तैयार कर 25 अगस्त के आसपास जिला कार्यकारिणी की घोषणा हो सकती है। सितंबर में एल्डरमैन के नामों का ऐलान भी हो जाएगा। कटनी नगर निगम में 10 एल्डरमैन नियुक्त होना है, इनकी प्रक्रिया एक तरह से आज से शुरू हो गई।

images 31 27

images 31 29 1 images 31 30

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button