भाजपा ने बूथ मैनेजमेंट में झोंकी ताकत, प्रजापति को कांग्रेस ने लगाया टेका

कटनी, यशभारत। खजुराहो का सांसद चुनने कल 26 अप्रैल को सुबह 7 बजे से संसदीय क्षेत्र के 2293 मतदान केंद्रों पर वोट डाले जाएंगे। सबसे ज्यादा 334 मतदान केंद्र पवई में है, जबकि सबसे कम 255 चंदला में। वोटिंग को लेकर पूरे संसदीय क्षेत्र में आज तैयारियों का सिलसिला चलता रहा। मतदान के एक दिन पहले भी क्षेत्र का सांसद चुनने लोगों में कोई उत्साह नजर नहीं आ रहा, जिसे देखते हुए खजुराहो में वोटिंग का प्रतिशत कम होने का अनुमान लगाया जा रहा है। बड़ी जीत का रिकार्ड कायम करने के लिए भाजपा कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर पर सक्रिय रहकर लोगों को घरों से निकालकर वोटिंग कराने का टास्क दिया गया है, लेकिन इस बार के चुनाव में शुरुआती दिनों से आ चुकी उदासीनता दूर होने का नाम नहीं ले रही।
भाजपा संगठन के लोग आज सारा दिन पोलिंग एजेंट नियुक्त कर सामग्रियों के थैले सभी बूथों तक पहुंचाने में व्यस्त रहे तो दूसरी ओर इण्डिया गठबंधन के समर्थित प्रत्याशी आरबी प्रजापति के लिए आखिरी मोर्चे पर कांग्रेस सक्रिय हो गई है। कांग्रेस ने भी अपने कार्यकर्ताओं को पूरे संसदीय क्षेत्र में पोलिंग एजेंट बना दिया है। चुनाव में सीधे तौर पर भाजपा उम्मीदवार वीडी शर्मा का पलड़ा भारी दिख रहा है, लेकिन इनका मुकाबला फारवर्ड ब्लॉक के प्रत्याशी प्रजापति के साथ ही है। बाकी 12 उम्मीदवार इस चुनाव में कोई खास असर नहीं छोड़ पा रहे।
चुनावी रिकार्ड के मुताबिक पिछले चुनाव में करीब 5 लाख वोटों से भाजपा की बड़ी जीत के बावजूद करीब 10 हजार लोगों ने किसी उम्मीदवार को पसन्द न करते हुए नोटा में अपना वोट दिया था। पिछले चुनाव में कुल 1842095 मतदाता थे, जिन्होंने भाजपा प्रत्याशी वीडी शर्मा को 811135 वोट देकर जिताया था। कांग्रेस उम्मीदवार कविता सिंह को 318753 वोट हासिल हो सके थे। वीडी शर्मा को लोकसभा सीट में मौजूद कुल मतदाताओं में से 44.03 प्रतिशत का समर्थन प्राप्त हुआ था, जबकि इस सीट पर डाले गए वोटों में से 64.46 प्रतिशत उन्हें दिए गए थे। कविता सिंह को संसदीय सीट के कुल मतदाताओं में से 17.3 प्रतिशत का समर्थन था और उन्हें कुल डाले गए वोटों में से 25.33 प्रतिशत वोट मिले थे। इसके साथ बीजेपी की जीत का अंतर 492382 रहा था।
इस बार बढ़ गए 75 हजार से ज्यादा वोटर
खजुराहो संसदीय क्षेत्र में इस बार 75 हजार 388 मतदाता बढ़ गए हैं। इस बार 19 लाख 97 हजार 483 मतदाता अपने सांसद को चुनने के लिए मताधिकार का उपयोग करेंगे। संसदीय क्षेत्र में 10 लाख 47 हजार 668 पुरूष मतदाता, 9 लाख 49 हजार 783 महिला मतदाता और 32 अन्य मतदाता शामिल हैं। गत 8 फरवरी को प्रकाशित अंतिम मतदाता सूची में 19 लाख 94 हजार 330 मतदाता दर्ज थे। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख के दस दिवस पूर्व तक भी नागरिकों से मतदाता सूची में नाम जोडऩे के लिए आवेदन प्राप्त किए गए। इसके अतिरिक्त एक अप्रैल 2024 की स्थिति में 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले युवा मतदाता भी मतदान के लिए पात्र हुए हैं। 4 अप्रैल 2024 को प्रकाशित मतदाता सूची अनुसार 3 हजार 153 नये मतदाता खजुराहो लोकसभा में दर्ज हुए हैं। इन्हें भी 26 अप्रैल को मतदान करने का अवसर मिलेगा। गौरतलब है कि चंदला विधानसभा में 255, राजनगर में 273, पवई में 334, गुनौर में 277, पन्ना में 290, विजयराघवगढ़ में 280, मुड़वारा में 289 और बहोरीबंद विधानसभा में 295 मतदान केन्द्र बनाए गए हैं।
अब बूथ मैनेजमेंट की बारी, कम मतदान भाजपा की चिंता
प्रचार और जनसंपर्क के दौर के बाद अब बूथ मैनेजमेंट की बारी आ गई है। बूथ लेबल पर भाजपा का बड़ा नेटवर्क है, इसलिए पार्टी ने आज इनकी बैठके लेकर चुनाव सामग्री के थैले थमाए। कांग्रेस की ओर से भी फारवर्ड ब्लॉक के उम्मीदवार आरबी प्रजापति का बूथ मैनेजमेंट सम्भालने के निर्देश कल जारी कर दिए जाने के बाद आज कांग्रेस कार्यकर्ताओं को भी पोलिंग एजेंट बनाने का क्रम चलता रहा। कुल मिलाकर कल मतदान में पोलिंग बूथों पर भाजपा और कांग्रेस की टीमें ही आमने सामने होंगी। इस बीच जनसंपर्क का सिलसिला आज भी चलता रहा। भाजपा मतदान के प्रति उदासीनता को लेकर चिंतित है। चुनाव में सारे समीकरण तो भाजपा के पक्ष में हैं ही लेकिन यह भी खबर आ रही है कि कटनी जिले से बड़ी संख्या में लोग फारवर्ड ब्लॉक के उम्मीदवार और नोटा को वोट कर सकते हैं।







