भागवत कथा के लिए पं. इंद्रेश उपाध्याय सागर पहुंचे : नगर प्रवेश के साथ हुआ भव्य स्वागत

सागर यश भारत (संभागीय ब्यूरो)/ श्री बालाजी धाम मंदिर में आज से शुरू हो रही श्रीमद् भागवत कथा ज्ञान यज्ञ के लिए मुख्य कथा वाचक पूज्य इन्द्रेश उपाध्याय जी महाराज भोपाल मार्ग से सागर पहुंचे। यहां पहुंचने पर कथा के मुख्य यजमान विधायक शैलेंद्र कुमार जैन ने हज़ारों भक्त गणों के साथ उनकी भव्य और दिव्य अगवानी की।
श्री वृंदावन धाम के भागवत कथा वाचक पं. इंद्रेश उपाध्याय जी महाराज के सागर नगर की सीमा में प्रवेश के पहले मुख्य यजमान विधायक शैलेंद्र जैन ने स्थानीय लहदरा नाका पहुंचकर हजारों भक्तों के साथ बैंड की धुन और गाजे बाजे के साथ पुष्प वर्षा करते हुए उनकी भव्य और गरिमामय अगवानी की। यहां से सैकड़ो वाहनों के काफिले के रूप में महाराज श्री की शोभायात्रा कथा स्थल श्री बालाजी धाम मंदिर को प्रस्थान हुई। शोभायात्रा मार्ग में जगह-जगह धर्म प्रेमी श्रद्धालुओं द्वारा ढोल नगाड़े और पुष्प वर्षा के साथ महाराज श्री का भव्य स्वागत किया जा रहा है।
महाराज श्री पंडित इंद्रेश उपाध्याय जी की अगवानी करने विधायक शैलेंद्र जैन के साथ भाजपा जिला अध्यक्ष पं. श्याम तिवारी, जगन्नाथ गुरैया, विक्रम सोनी, नितिन बंटी शर्मा, विनय मिश्रा, पार्षद रितेश तिवारी, जिनेश साहू, मीडिया प्रभारी श्रीकांत जैन, उद्योगपति मनोज डेंगरे, निहित सबलोक, कमल जैन, नीरज मुखारया, विवेकानंद परिषद के अध्यक्ष विकास केसरवानी, सुरेंद्र जैन माल्थोन, युवा मोर्चा नगर अध्यक्ष राहुल वैद्य, नगर मंत्री चिराग सबलोक, रितेश मिश्रा, श्याम नेमा, विनोद सोनी पहलवान, कमलेश सोनी, समेत हजारों की संख्या में भक्तगण शोभायात्रा में शामिल हुए।