भक्ति और उल्लास के साथ निकली “युवराज स्वामी” बद्री प्रपन्नाचार्य महाराज की भव्य शोभायात्रा
511 दिव्य ज्योति कलश, राधा-कृष्ण की झांकियों और पुष्पवर्षा से भक्तिमय हुआ नगर

भक्ति और उल्लास के साथ निकली बद्री प्रपन्नाचार्य महाराज की भव्य शोभायात्रा
511 दिव्य ज्योति कलश, राधा-कृष्ण की झांकियों और पुष्पवर्षा से भक्तिमय हुआ नगर
कटनी, यशभारत। नगर की डन कॉलोनी स्थित प्रथम गार्डन में आयोजित सात दिवसीय संगीतमय श्रीमद्भागवत कथा के पूर्व बुधवार शाम आचार्य आश्रम चित्रकूट के संत बद्री प्रपन्नाचार्य महाराज के सानिध्य में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा श्री संकट मोचन हनुमान मंदिर से प्रारंभ होकर जगन्नाथ मंदिर होते हुए डन कॉलोनी स्थित कथा स्थल तक पहुंची, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
युवराज स्वामी शिष्य मंडल सेवा समिति के तत्वावधान में निकाली गई इस शोभायात्रा में 511 दिव्य ज्योति कलश श्रद्धालुओं द्वारा सिर पर धारण कर नगर भ्रमण किया गया। रथों में सवार राधा-कृष्ण की आकर्षक झांकियां श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहीं। वहीं श्रद्धालुओं द्वारा श्रीमद्भागवत गीता को सिर पर रखकर भक्ति भाव के साथ नगर भ्रमण किया गया।
शोभायात्रा के दौरान भजन-कीर्तन और जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो गया। नगर के विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं और नागरिकों ने महाराज श्री का पुष्पवर्षा, आरती और वंदन कर स्वागत किया।
समिति पदाधिकारियों के अनुसार आयोजन के अंतर्गत नगर में सात दिवसीय संगीतमय श्रीमद्भागवत कथा का श्रवण कराया जाएगा, जिसमें नगर सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।







