खुलासा : बिना सड़क बनाए आहरण कर ली राशि, ग्रामीणों ने लगाए भ्रष्टाचार के आरोप : कार्यवाही करने की मांग

यश भारत, डिंडोरी|डिंडोरी जिले के जनपद पंचायत समनापुर अंतर्गत ग्राम पंचायत चांदरानी में सरपंच-सचिव के द्वारा शासकीय राशि का बंदरबांट किया जा रहा है इनके द्वारा बिना कार्य किए राशि आहरण किए जाने का मामला सामने आया है जिसमें ग्रामीणों ने बताया कि पूर्व में तत्कालीन सचिव और वर्तमान सरपंच ने शासकीय राशि का गबन किया है जिसकी जांच कर कार्यवाही करने की मांग की है। बता दें कि ग्राम पंचायत में दिगम्बर के घर से शिव मंदिर तक 4 लाख की लागत से निर्मित होने वाली सड़क पर ढेड लाख रुपए निकालने के बाद तथा अयोध्या के घर से अमर सिंह के घर तक एक लाख रुपए के लगभग राशि आहरण करने के बाद भी मौके पर सड़क नहीं बनी जिससे ग्रामीणों में नाराजगी देखने को मिल रही है। जमीन पर बनने वाली सड़क सिर्फ कागजों में बन रही है जबकि इनकी राशि पूर्व सचिव प्रभावति वाकिया और वर्तमान सरपंच कैलाश परस्ते द्वारा आहरण कर लिया गया है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि ग्राम पंचायत के बाउंड्री वॉल में मुख्य गेट लगाने के लिए भी राशि आहरण कर ली गई है पर आज तक गेट नहीं लगाया है। जिसके चलते सचिव सरपंच के हौसले बुलंद हैं वहीं दूसरी ओर ग्रामीण विकास के लिए आई राशि के दुरूपयोग के जांच की मांग पर अडे है |






