देश

बढ़ी हलचल : अगस्त के पहले पखवाड़े में होगी राजनीतिक नियुक्तियों की बरसात, भाजपा और कांग्रेस दोनों दलों के नेता चौकन्ने, भोपाल और दिल्ली दौड़

भाजपा में जिला कार्यकारिणी के साथ निगम, मंडल, प्राधिकरण और एल्डरमैन की होना है घोषणा, कांग्रेस में शहर और ग्रामीण अध्यक्षों के नाम आयेंगे सामने, हलचल तेज

कटनी, यशभारत। शहर की राजनीति में अगस्त का पहला पखवाड़ा व्यापक सरगर्मी का होने वाला है। भाजपा और कांग्रेस दोनों ही प्रमुख राजनीतिक दलों में नियुक्तियों की बरसात होने जा रही है। कांग्रेस में जहां शहर और ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्षों की घोषणा अगस्त के पहले सप्ताह में होना है, तो दूसरी ओर रक्षाबंधन के पहले भाजपा में भी जिले की नई टीम का ऐलान हो जाएगा। अलावा इसके सरकार के स्तर पर निगम, मंडल, बोर्ड और एल्डरमैन के रिक्त पदों पर भी नेताओं को एडजस्ट किया जाना है। यह सारी कवायद भी 15 अगस्त से पहले पूरी हो जाने के संकेत मिल रहे हैं।

प्रदेश की सियासत में यह समय कांग्रेस और भाजपा के सांगठनिक सिस्टम की कसावट के हिसाब से बेहद अहम साबित होता दिख रहा है। हमारे राजधानी स्थित सूत्रों के हवाले से जो जानकारी मिल रही है, उसके मुताबिक भारतीय जनता पार्टी में लगातार बैठकों का सिलसिला जारी है, जिसमें सीएम,प्रदेश अध्यक्ष, प्रदेश संगठन महामंत्री और प्रदेश प्रभारी के बीच राजनीतिक नियुक्तियों पर चर्चा तेज हो चली है। विधानसभा के पावस सत्र के बीच जिलों के विधायकों समेत तमाम नेता भोपाल में मौजूद हैं, ऐसे में भाजपा सत्ता में प्रसाद स्वरूप दिए जाने वाले पदों को लेकर विचार विमर्श की प्रक्रिया में आ चुकी है। सूत्र तो यह भी बता रहे हैं कि लगभग दो दर्जन निगम मंडलों की जिम्मेदारी जिन नेताओं को सौंपी जाना है, उनके नाम तय कर लिए गए हैं। कटनी से भी कुछ नेता निगम और मंडल में जगह पाने के लिए भोपाल से लेकर दिल्ली तक प्रयास कर रहे हैं। इनमें कांग्रेस छोड़कर भाजपा में आए नेता भी शामिल हैं। इन्हें मुद्दत से अपने राजनीतिक पुनर्वास का इंतजार है। पूर्व में समाज कल्याण बोर्ड और संस्कृत बोर्ड में कटनी के नेताओं को जगह मिल चुकी है, इस लिहाज से स्थानीय नेताओं ने अपनी कोशिशें जारी रखी हैं। इसके अलावा कटनी विकास प्राधिकरण के लिए भी जल्द फैसला होने वाला है। प्राधिकरण में अध्यक्ष के साथ दो उपाध्यक्ष भी बनाए जाने हैं। कटनी नगर निगम समेत नगर परिषदों में एल्डरमैन के पदों पर भी नियुक्तियां होना हैं, जिनके लिए जिला संगठन और विधायकों से नाम मांग लिए जाने की जानकारी लग रही है। सत्ता की इन नियुक्तियों के साथ संगठन में भी हलचल तेज है। सूत्र बता रहे हैं कि भाजपा की जिला कार्यकारिणी भी राखी के पहले घोषित कर दी जाएगी, इसके लिए भी भोपाल में कवायद चल रही है। जिले की टीम के लिए भी नाम मंगा लिए गए हैं। कुल मिलाकर अगस्त के पहले पखवाड़े में भाजपाई गलियारों में नियुक्तियों की बरसात होगी, इसके छींटे किस किस नेता पर पड़ेंगे, यह देखने लायक होगा।

कांग्रेस में हलचल तेज, पहले सप्ताह में घोषणा की उम्मीद

प्रमुख विपक्षी दल कांग्रेस में भी भोपाल से दिल्ली तक हलचल तेज है। राहुल गांधी के संगठन सृजन कार्यक्रम के तहत जिला शहर और ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष तय होने की पूरी प्रक्रिया संपादित हो चुकी है और दोनों ही संगठनों के पैनल बनाकर दिल्ली भी भेज दिए गए हैं, जहां डिस्कशन भी हो चुका है। कांग्रेस के सूत्र बताते हैं कि कटनी के मसले पर संगठन प्रभारी केसी वेणुगोपाल, प्रदेश के संगठन प्रभारी हरीश चौधरी, प्रदेश कांग्रेस के चीफ जीतू पटवारी और नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के बीच चर्चा भी हो चुकी है। कटनी जिले की घोषणा पहली ही लिस्ट में हो जाएगी। खबर मिल रही है कि शहर और ग्रामीण दोनों में सरप्राइज़ नेम आ सकते हैं। दावेदारों ने अपने अपने स्तर पर दिल्ली तक प्रयास करते हुए खुद के फेवर के सारे समीकरण पहुंचाएं हैं लेकिन संगठन के जिम्मेदार लोगों का अपना अलग नजरिया है। उनके अपने सर्वे में जो नाम फिट होंगे, उन्हें मौका दिया जा रहा है। कुल मिलाकर कांग्रेस में भी अगस्त का पहला पखवाड़ा हलचल मचाने वाला होगा।

Screenshot 20250730 162239 Drive3
IMG 20250730 122356

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button