बड़ी खबर : पांच बैंकों खातों से लेनदेन, 10 खातों को किया ऑपरेट, नेटवर्क में शामिल 12 लोगों को पुलिस ने किया चिन्हित, खातों में जमा राशि की जांच कर रही पुलिस, संगठित गिरोह के खुलासे की संभावना

कटनी, यशभारत। माधवनगर थाना क्षेत्र में एक कपड़ा कारोबारी द्वारा कर्मचारी का फर्जी तरीके से बैंक खाता खोलकर करोड़ों रुपए का लेनदेन का मामला सामने आया है। यह लेनदेन न सिर्फ ब्लैक मनी को व्हाइट करने के लिए किया गया, बल्कि ऑनलाइन सट्टे से भी इसके तार जुड़े हुए बताए जा रहे हैं। पुलिस ने बताया कि विगत 1 जनवरी से 14 फरवरी के बीच बंधन बैंक माधवनगर में जुहली निवासी अमित दाहिया का बैंक खाता खुलवाया गया। इस खाते से लाखों रुपए के फर्जी तरीके से लेनदेन किए गए। दूसरे व्यक्ति के नाम का खाता खुलवाकर धोखाधड़ी पर पुलिस ने एफआइआर दर्ज की। योगेश नामक व्यक्ति ने इस पूरे खेल में किराये के भी खातों का उपयोग किया। अभी तक हुई जांच में तीन खाते मिले हैं, जिनमें उसने कमीशन व किराये पर ऑपरेट करता था। उन खातों की भी पुलिस डिटेल खंगाल रही है। दो दिन की जांच में माधवनगर पुलिस ने अमित के खाते में प्रारंभिक जांच में एक करोड़ रुपए से अधिक का ट्रांजेक्शन होना पाया है। अब पुलिस ट्रांजेक्शन के स्टेटमेंट व बिलों का स्टेटमेंट को देख रही है कि वास्तव में इसका उपयोग व्यापार के लिए हुआ है या फिर अन्य किसी काम के लिए। रुपए कहां से आये हैं और किसको गए हैं, इसकी जांच की जा रही है। फर्जी खाते में रुपए डालकर नंबर एक में करने का खेल किया गया है कि नहीं यह भी देखा जा रहा है। पुलिस ने बताया कि योगेश बजाज की नई बस्ती में साड़ी की दुकान चलाता है और रुपयों के लालच में यह खेल कर रहा है।
आरोपी को रिमांड में लेकर पूछताछ
धोखाधड़ी के इस मामले में पुलिस ने आरोपी को दो दिन की अतिरिक्त पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की। प्रारंभिक पूछताछ में यह उजागर हुआ है कि इसी तरह अन्य बैंकों, एचडीएफसी बैंक और आईडीबीआई बैंक सहित कुल पांच बैंकों के खातों से लेनदेन किए हैं। पुलिस ने सभी खातों की जानकारी एकत्र कर जांच शुरू की है। रिमांड अवधि समाप्त होने पर मंगलवार को आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे 19 फरवरी तक दोबारा पुलिस रिमांड पर सौंपा गया है। जांच में सामने आया है कि आरोपी 8 से 10 बैंक खातों को ऑपरेट कर रहा था। इस पूरे नेटवर्क में शामिल करीब 12 लोगों को पुलिस ने चिन्हित किया है, जिनसे जल्द पूछताछ की जाएगी। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि खातों में जमा की गई राशि किस आधार पर डाली गई, क्या इनके पीछे कोई व्यापारिक लेनदेन है या किसी संगठित गिरोह का हाथ है।
ऑनलाइन सट्टे का कारोबार
माधवनगर पुलिस ने बताया कि यह पूरा खेल ऑनलाइन सट्टे से जुड़ा हुआ है। जो टी-20 विश्वकप सहित अन्य मैचों, खेलों व अन्य गतिविधयों में लग रहा है। पुलिस इस पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है कि किस व्यक्ति ने रुपए लगाए और किनके खातों में रुपए गए हैं। बता दें कि माधवनगर थाना क्षेत्र में इस तरह के कई मामले सामने आ चुके हैं, जिसमें लोगों के फर्जी तरीके से खाते खोलकर करोड़ों रुपए के ट्रांजेक्शन किए गए हैं।
धोखाधड़ी कर बैंक खाते से निकाले रूपए
माधवनगर पुलिस ने धोखाधड़ी कर बैंक खाते से 1 लाख 6 हजार रूपए ट्रान्सफर करने पर अज्ञात आरोपियों के विरूद्ध मामला दर्ज किया है। पुलिस ने बताया कि प्रदीप कुमार पटेल पिता भगवान दास पटेल निवासी देवरीटोला ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि अज्ञात व्यक्ति ने उसके बैंक खाते से रूपए ट्रांसफर किए हैं, जिस पर पुलिस ने धारा 318(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया है।







