सतना। नईबस्ती-डोंगरी क्षेत्र में युवक के घर के बाहर फायरिंग कर दहशत फैलाने के मामले में कोलगवां पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने शराब कंपनी से जुड़े दो और कर्मचारियों को गिरफ्तार किया है, जिनके पास से पिस्टल और जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।
इस मामले में अब तक कुल 7 आरोपियों को जेल भेजा जा चुका है जबकि 3 आरोपी फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस की टीमें फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही हैं।
घटना 18 दिसंबर की रात की है, जब तीन अलग-अलग चारपहिया वाहनों में सवार बदमाश दुर्गेश यादव के घर पहुंचे थे। आरोपियों ने घर के बाहर जमकर गाली-गलौज की और हवाई फायरिंग करते हुए इलाके में आतंक फैलाया। पूरी वारदात वहां लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई थी।
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था और घटना में प्रयुक्त दो फोर व्हीलर वाहन भी जब्त किए थे।
रविवार को पुलिस ने इस कांड के मुख्य आरोपी राहुल पटेल (26) को गिरफ्तार किया, जो बदखर शराब दुकान में कार्यरत है। उसके कब्जे से करीब 40 हजार रुपये की पिस्टल और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। पूछताछ में सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस ने उसके साथी ललित प्रजापति (29) को भी हिरासत में लिया।
दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर सेंट्रल जेल भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि बाकी फरार आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
Back to top button