पौन इंच बारिश से लड़खड़ाई व्यवस्थाएं लेकिन उत्साह में कमी नहीं

जबलपुर, यश भारत।दीपावली की रात जब पूरा शहर लक्ष्मी पूजन व आतिशबाजी में व्यस्त था, तभी अचानक हुई लगभग 1 इंच बारिश ने पूरे शहर की व्यवस्थाओं को छिन्न-भिन्न कर दिया।
व्यवसायियों को हुआ नुकसान
करीब 1 घंटे तक लगातार हुई बारिश में शहर और उपनगरीय क्षेत्रों में लगी फूल-माला, फल, मिठाई, पटाखे और लक्ष्मी-गणेश मूर्तियों की दुकानों को भारी नुकसान हुआ। बारिश इतनी तेज थी कि कई दुकानदार खराब हुआ सामान वहीं छोड़कर चले गए, जिससे सड़कों पर गंदगी फैल गई। निगम का सफाई अमला उतरा मैदान में
स्थिति इतनी बिगड़ गई कि रात 3:00 बजे से ही नगर निगम का सफाई अमला फील्ड में उतरना पड़ा। मुख्य मार्गों की सफाई किसी तरह दुरुस्त की गई, लेकिन बस्तियों, कॉलोनियों और अंदरूनी इलाकों की व्यवस्था अब भी प्रभावित रही। बिजली गुल, पूजा में बाधा
बारिश के दौरान बिजली आपूर्ति ठप हो गई, जिससे घरों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में पूजा करने में भारी दिक्कत आई। कई लोगों ने मोमबत्ती और मोबाइल टॉर्च की रोशनी में पूजा की। बिजली रातभर आती-जाती रही।
आतिशबाजी पर पानी फिरा फिर लौटा उत्साह
बारिश के समय आतिशबाजी करने वालों को निराशा हाथ लगी। हालांकि बारिश थमते ही बच्चों और युवाओं की टोलियों ने दोबारा पटाखे फोड़े, जिससे त्योहार का उत्साह दोबारा लौट आया।
क्या कह रहा मौसम विभाग
स्थानीय मौसम कार्यालय प्रभारी डी.के. तिवारी के अनुसार, यह बारिश बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव क्षेत्र के कारण हुई। अनुमान था कि बारिश 22 से 24 अक्टूबर के बीच होगी, लेकिन यह 20 अक्टूबर की रात ही शुरू हो गई।
इस दौरान 18.01 मिमी (करीब 0.75 इंच) बारिश दर्ज की गई, जो पौन इंच से ज्यादा और 1 इंच से थोड़ी कम रही।
तिवारी के अनुसार रुक-रुक कर बारिश के आसार अब भी बने हुए हैं। इससे शहरवासियों को अभी और सतर्क रहने की आवश्यकता है।
दीपावली जैसी रात में बारिश ने व्यवसाय, व्यवस्थाएं और भावनाओं — तीनों पर पानी फेर दिया, लेकिन जबलपुरवासियों का जज़्बा बरकरार रहा।
बारिश के बाद फिर से पटाखों की गूंज और बच्चों की हँसी ने त्योहार को नई रौशनी दी।







