सिवनी यश भारत:-सिवनी जिले के डूंडा सिवनी थाना क्षेत्र अंतर्गत नगझर बाईपास के समीप उस समय सनसनी फैल गई, जब एक अज्ञात व्यक्ति का शव पेड़ पर गमछे के सहारे फांसी के फंदे से लटका हुआ मिला। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार नगझर बाईपास के पास स्थित जंगल क्षेत्र से कुछ ग्रामीण आज बुधवार दोपहर के समय गुजर रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर एक पेड़ पर लटके शव पर पड़ी। नजदीक जाकर देखने पर पता चला कि एक व्यक्ति गमछे के सहारे फांसी पर लटका हुआ है। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना डूंडा सिवनी पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी चेन सिंह उइके पुलिस दल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आवश्यक पंचनामा कार्रवाई कर शव को फंदे से उतरवाया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है। प्रारंभिक जांच में मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। मृतक की उम्र लगभग 40 से 45 वर्ष के बीच बताई जा रही है।
पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि मामला आत्महत्या का है या फिर हत्या कर शव को पेड़ पर लटकाया गया है। पुलिस आसपास के क्षेत्र में पूछताछ कर रही है और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है।
थाना प्रभारी चेन सिंह उइके ने बताया कि पुलिस मृतक की शिनाख्त के प्रयास कर रही है। उन्होंने आमजन से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति मृतक को पहचानता हो या उसके परिजनों के संबंध में जानकारी रखता हो तो तत्काल डूंडा सिवनी थाने में सूचना दें, ताकि परिजनों को घटना की जानकारी दी जा सके।
फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
Back to top button