पारिवारिक विवाद के चलते पुत्र ने की पिता की हत्या, बरही थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम इटोरा में वारदात से सनसनी, मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया पुलिस ने

कटनी, यशभारत। बरही थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम इटोरा में पुत्र ने पारिवारिक विवाद के चलते रोज-रोज की कलह से परेशान होकर अपने पिता की कुल्हाड़ी मारकर निर्मम हत्या कर दी। वारदात के वक्त घर पर कोई नहीं था। आरोपी ने यह वारदात रात में उस समय अंजाम दी, जब पिता घर के बाहर सो रहा था। हत्या की इस घटना से पूरे क्षेत्र में हडक़म्च मच गया। वारदात को अंजाम देकर आरोपी फरार हो गया, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
बरही थाना प्रभारी शैलेन्द्र सिंह यादव ने बताया कि ग्राम इटोरा निवासी 61 वर्षीय विष्णु उर्फ बिच्छू कोल का गुरुवार को रक्तरंजित शव उसके घर की परछी में पाया गया। उसके सिर और कनपटी पर कई जगह धारदार हथियार से वार किए जाने के निशान थे। घटना की सूचना सुबह करीब 8 बजे मिली, जबकि वृद्ध की हत्या संभवत: रात में की गई थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पीएम के लिए भेजा है और हत्या का मामला दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी। थाना प्रभारी शैलेन्द्र सिंह यादव ने बताया कि वारदात के बाद से ही उसका पुत्र संजय कोल गायब था, जिस पर
हत्या का संदेह था। जिसकी तलाश शुरू की गई थी। बताया जाता है कि मृतक के पांच बेटे और दो बेटियां हैं। घटना के समय संजय कोल को छोडक़र सभी बाहर मजदूरी के लिए गए थे। मृतक अपने चौथे नंबर के बेटे संजय कोल के साथ ही रहता था, जो पैर से दिव्यांग है। उसकी पत्नी और बेटी भी साथ में ही रहती है। पिता और पुत्र के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। मामले की जांच की जा रही है। थाना प्रभारी शैलेंद्र यादव ने बताया कि हत्या की इस वारदात के बाद धारा 103 (1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज करते हुए उसकी तलाश शुरू की गई और उसे गिरफ्तार किया गया है।







