पनागर में बागेश्वर धाम सरकार की कथा सुनने परिजन के साथ आई डेढ़ साल की बच्ची की मौत

जबलपुर, यशभारत। पनागर में आयोजित बागेश्वर सरकार के दिव्य दरबार में आई एक डेढ़ साल की बच्ची की मौत हो जाने का मामला सामने आया है। पीडि़त पिता अपनी बच्ची को लेकर कथा सुनने आया था, लेकिन बच्ची की तबियत बिगड़ गयी। जिसे पुलिस वेन से पनागर के अस्पताल में भर्ती कराया गया। लेकिन आराम नहीं मिलने पर तत्काल विक्टोरिया में भर्ती कराया गया। जहां इलाज के दौरान उसकी जान चली गयी।
जानकारी अनुसार पुलिस ने बताया कि कटनी के ढीमरखेड़ा के बांधा निवासी मनोहर पटैल अपनी डेढ़ साल की बच्ची के साथ कथा में करीब नौ बजे आए थे। जिनकी बच्ची की तबियत अचानक खराब हो गयी। जिसके बाद बच्ची को तत्काल पनागर अस्पताल में भर्ती करवाया । लेकिन तबियत ज्यादा खराब होने के कारण बच्ची को विक्टोरिया रेफर किया गया था। जहां उसकी मौत हो गयी।
गोद में लेकर मां सुन रही थी कथा, पुलिस ने दिलाया ध्यान
बागेश्वर सरकार के दिव्य दरबार में तैनात पुलिस कर्मी उस वक्त हैरत में पड़ गए जब मां की गोद में लेटी हुई बच्ची को हरकत करते हुए नहीं देखा। बच्ची शॉल में ढकी थी और कुछ प्रतिक्रिया नहीं कर रही तो पुलिस कर्मियों ने मां को इस बारे में जानकारी दी। जिसके बाद देखा गया कि बच्ची का शरीर हिल ढुल नहीं रहा था, सिर्फ आंखे खुली थीं। पुलिस कर्मियों की मदद से परिजनों ने तत्काल बच्ची की पनागर के प्राथमिक अस्पताल में उपचार कराया, जहां से बच्ची को विक्टोरिया रेफर किया गया था।
इन्होंने कहा…
पनागर में आयोजित हो रहे बागेश्वर धाम सरकार की भागवत कार्यक्रम के दौरान एक डेढ़ साल की बच्ची की तबियत खराब होने के कारण पहले पनागर अस्पताल में भर्ती कराया था, उसके बाद उसे विक्टोरिया में भर्ती किया गया। डॉक्टरों ने परीक्षण किया था, बच्ची की मौत हो चुकी थी
संजय मिश्रा, क्षेत्रीय संचालक स्वास्थ्य सेवा जबलपुर