मंडला यशभारत ।थाना महाराजपुर क्षेत्र अंतर्गत पत्थर पटककर युवक को मौत के घाट उतार दिया गया।
ग्राम ऊपरटोला केहरपुर निवासी प्रभू मरावी (उम्र 35 वर्ष) की संदिग्ध मृत्यु के संबंध में जांच प्रारंभ की गई। घटना की सूचना पर पुलिस द्वारा मौके पर पहुंचकर पंचनामा कार्यवाही की गई तथा आवश्यक साक्ष्य संकलित किए गए। पुलिस अधीक्षक मंडला श्री रजत सकलेचा के निर्देशन में प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए तत्परता से जांच कार्यवाही की गई।
जांच के दौरान साक्षियों के कथन लिए गए, जिनसे यह तथ्य सामने आया कि मृतक एवं संदेही शिवम मरावी के बीच पूर्व में विवाद एवं मारपीट हुई थी तथा आरोपी द्वारा मृतक को जान से मारने की धमकी भी दी गई थी। मर्ग जांच के दौरान शासकीय जिला अस्पताल मंडला से प्राप्त पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृत्यु का कारण सिर में गंभीर चोट, एवं छाती पर ब्लंट ट्रॉमा मृत्यु का कारण लेख किया गया। उक्त आधार पर थाना महाराजपुर में आरोपी के विरुद्ध धारा 103(1) बी.एन.एस. के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। विवेचना के दौरान संदेही शिवम मरावी (उम्र 30 वर्ष), निवासी ऊपरटोला केहरपुर को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। आरोपी ने अपने कथन में बताया कि दिनांक 28/03/2026 को ग्राम बेरटोला में मृतक के साथ शराब पीने को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद दोनों महाराजपुर लौटे और रात्रि में पुनः विवाद होने पर मृतक द्वारा पत्थर उठाकर मारने का प्रयास किया गया। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने मैदान में पड़े सीमेंट के पत्थर से मृतक के सिर, सीना एवं पेट पर प्रहार किया, जिससे उसकी मृत्यु हो गई। घटना के पश्चात आरोपी द्वारा प्रयुक्त पत्थर को झाड़ियों में छिपा दिया गया, जिसे आरोपी के निशानदेही पर बरामद किया गया। साथ ही घटना के समय पहने हुए खून लगे कपड़े भी जप्त किए गए हैं। आरोपी को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया गया है।
प्रकरण में एसडीओपी मंडला पीयूष मिश्रा के मार्गदर्शन में निरीक्षक डॉ. जयसिंह यादव, उनि भूपेन्द्र अहिरवार, उनि लक्ष्मीचंद बिसेन, उनि भीमराव मेश्राम, सउनि रमेश पाल, प्रआर केशव मरावी, चंद्रशेखर, विजय, आरक्षक अमित गारयार, सुंदर भलावी, हरिदास बिंझिया, संदीप, राज बघेल, मनोहर एवं आरक्षक चालक विष्णु जंभारे सहित थाना स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।