पति ने पत्नी का हाथ काटा:ससुराल जाने से इनकार किया तो गुस्साए पति ने बका से किया हमला; दाहिना हाथ कटकर हुआ अलग

सागर जिले के रहली थाना क्षेत्र के ग्राम कांसल पिपरिया में पारिवारिक विवाद के चलते पति ने पत्नी का धारदार हथियार बका से हाथ काट दिया। गंभीर रूप से घायल महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है।
सूचना के अनुसार रवीना नाथ अपने मायके कांसल पिपरिया में थी। उसका ससुराल विदिशा में है। इसी बीच शुक्रवार को पति पप्पू उसे लेने के लिए कांसल पिपरिया पहुंचा। उसने पत्नी रवीना से विदिशा चलने के लिए कहा तो उसने इनकार कर दिया। रात करीब 3 बजे दोनों के बीच कहासुनी हुई।
विवाद बढ़ा और गुस्साए पति ने धारदार हथियार (बका) से पत्नी रवीना पर हमला कर दिया। घटनाक्रम में रवीना का दाहिना हाथ कटकर अलग हो गया है। चिल्लाने की आवाज सुन परिवार वाले जागे और तुरंत कमरे में पहुंचे। रवीना खून से लथपथ पड़ी थी। कटा हुआ हाथ अलग पड़ा था। रवीना को अस्पताल में भर्ती कराया गया। बाद में उसे उपचार के लिए भोपाल रेफर कर दिया गया। इधर, घटनाक्रम की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। आरोपी फिलहाल फरार है।