सागर, रहलीlरहली थाना क्षेत्र के ग्राम आनंतपुरा में हुए सड़क हादसे में एक परिवार के 4 बच्चों की दर्दनाक मौत हो गई। चारों अपनी गुम हुई भैंस को ढूंढने पैदल सरखेड़ा गांव जा रहे थे। सुबह करीब 8 बजे वह अनंतपुरा-सिमरिया मार्ग पर अपने खेत के पास खड़ी पिता की मोटर साइकिल के पास जाकर खड़े हो गए और इसी दौरान आ रही तेज रफ्तार बस ने उन्हें टक्कर मार दी। जिससे चारों की मौके पर ही मौत हो गई। इस दर्दनाक सड़क हादसे में जान गंवाने वालों में 2 सगे भाई और एक अपने परिवार का इकलौता बेटा था। एक ही परिवार के चार बच्चों की अर्थी घर से निकलने पर आसपास के लोग परिजन एवं रिश्तेदार गमगीन हो गएl

रहली थाना प्रभारी सुनील शर्मा ने बताया कि पुलिस ने बस को जब्त कर लिया है, आरोपी चालक हादसे के बाद से फरार है । पुलिस के अनुसार भगवानदास पिता मुन्ना पाल निवासी अनंतपुरा ने रिपोर्ट में बताया कि वह अपने भाई रामचरण पाल के साथ सुबह 7 बजे मोटर साइकिल से अपने टगर वाले खेत पर सिंचाई करने गए थे। मोटर साइकिल सड़क किनारे खड़ी थी।

इसी दौरान सत्यनारायण पिता रामचरण पाल (17 वर्ष),सत्यम उर्फ़ नारायण पिता रामचरण पाल (15 वर्ष),प्रशु पिता खुमान पाल (15 वर्ष) तथा कालू उर्फ़ उमेश पिता चेतू पाल (16 वर्ष)वहां आए और मोटर साइकिल के पास खड़े होकर बातचीत करने लगे। इसी दौरान सिमरिया की ओर से आ रही तेज रफ्तार बस ने उन्हें टक्कर मार दी।
सड़क की ओर से आई तेज आवाज सुनकर वहां पहुंचे तो देखा कि चारों बच्चे गंभीर रूप से घायल अवस्था में सड़क पर पड़े हैं। पास में ही कुछ दूरी पर बस क्रमांक सीजी 18 एम 3199 खड़ी थी, उसका चालक मौके से फरार हो चुका था। मोटर साइकिल भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त मिली।
चारों बच्चों को लेकर रहली सामुदायिक केंद्र पहुंचे, जहां डॉक्टर संदीप असाटी ने सभी को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच में लिया है। गांव अनंतपुरा देवरी विधानसभा में आता है। एक ही परिवार के 4 बच्चों की मौत की सूचना लगते ही देवरी विधायक बृज बिहारी पटेरिया ने बांदा में आयोजित मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में जाना निरस्त कर रहली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। उन्होंने मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की और उन्हें ढांढस बंधाया। वहीं पूर्व मंत्री गोपाल भार्गव ने भी घटना को लेकर शोक व्यक्त किया। भार्गव ने बंडा में आयोजित कार्यक्रम के दौरान सीएम को मंच पर घटना स्थल के वीडियो दिखाए और पीड़ित परिवार की आर्थिक मदद करने की मांग रखी।
Back to top button