मध्य प्रदेशराज्य

देश का पहला आउटलेट प्रारंभ : तंबाकू-गुटखा का कारोबार छोड़कर रोजगार की राह पर चला ‘गांव का चायवाला’

Table of Contents

दमोह|स्टेशन चौराहा स्थित मोरगंज गल्ला मंडी गेट के पास शुक्रवार को देश का पहला ‘गांव का चायवाला’ आउटलेट का शुभारंभ दमोह में किया गया। कार्यक्रम में संस्कृति, पर्यटन, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व विभाग के राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार धर्मेंद्र सिंह लोधी, दमोह विधायक एवं पूर्व वित्त मंत्री जयंत मलैया, मुख्यमंत्री के बड़े भाई नंदलाल यादव तथा फिल्म अभिनेता मुकेश तिवारी विशेष रूप से मौजूद रहे।

शुभारंभ अवसर पर राज्य मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी ने कहा कि बुंदेलखंड के दमोह से शुरू हुआ ‘गांव का चायवाला’ एक अनोखा स्टार्टअप है, जो आने वाले समय में देशभर में 10 हजार आउटलेट खोलने का लक्ष्य रखा है। उन्होंने कहा कि आउटलेट के संचालक त्रिलोकचंद्र सेन ने तंबाकू-गुटखा का व्यवसाय छोड़कर समाजहित में सकारात्मक कदम उठाया है, जो अन्य युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बनेगा।

मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव के बड़े भाई नंदलाल यादव ने कहा कि ‘गांव का चायवाला’ केवल एक ब्रांड नहीं, बल्कि शुद्धता की थीम है। यहां उपलब्ध सभी खाद्य सामग्री 100 प्रतिशत शुद्ध होगी। भोजन केले के पत्ते पर परोसा जाएगा, चाय कुल्हड़ में और पान-सुपारी पत्तल में दी जाएगी, जिससे भारतीय परंपरा और स्वास्थ्य दोनों को बढ़ावा मिलेगा।

अभिनेता मुकेश तिवारी ने कहा कि दमोह से शुरू हुई यह पहल देशभर में रोजगार सृजन का माध्यम बनेगी और युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने में सहायक होगी।

आउटलेट के मैनेजिंग डायरेक्टर त्रिलोकचंद्र सेन ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह देश का पहला ऐसा आउटलेट है, जहां किसी भी प्रकार की मिलावट या केमिकल्स का उपयोग नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि यदि कोई संदेह हो तो उनके उत्पादों की सैंपलिंग कराई जा सकती है। उनका उद्देश्य अधिक से अधिक बेरोजगार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराना है। इस अवसर पर समाजसेवी कन्हैयालाल चौहान, एसडीएम आर.एल. बागरी, सीएसपी एच.आर. पांडे, टीआई मनीष कुमार सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। इससे पूर्व अतिथियों ने फीता काटकर आउटलेट का शुभारंभ किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button