दहेज हत्या के मामले में सजा काट रहे कैदी की मौत जेल में अचानक बिगड़ी तबियत, अस्पताल में उपचार के दौरान तोड़ा दम

कटनी, यशभारत। दहेज हत्या के मामले में जिला जेल में 10 वर्ष की सजा काट रहे एक कैदी की अचानक तबियत बिगड़ऩे के बाद जिला अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। कैदी को अचानक सीने में दर्द और घबराहट होने की शिकायत के बाद तत्काल अस्पताल ले जाया गया था, जहां डॉक्टरों के प्रयास के बावजूद उसकी जान नहीं बच सकी। प्रथम दृष्टया मौत का कारण हार्ट अटैक बताया जा रहा है। कैदी के शव का पोस्टमार्टम कराया गया। कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद जेल प्रशासन ने शव परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया। जेल प्रशासन का कहना है कि पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही कैदी की मौत के वास्तविक कारणों की पूरी तरह पुष्टि हो सकेगी। जिला जेल में बंद कैदी की अचानक मौत होने से एक बार फिर कैदियों की सुरक्षा पर सवाल खड़ा हो गया है। इस संबंध में पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार बहोरीबंद थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम बचैया निवासी 51 वर्षीय रमेश पटेल जिला जेल की बैरक नंबर 7 में बंद था। शुक्रवार देर रात उसे अचानक सीने में तेज दर्द और बेचैनी महसूस हुई। जेल में मौजूद चिकित्सकों ने उसे तुरंत प्राथमिक उपचार दिया, लेकिन हालत में सुधार नहीं होने पर उसे जिला अस्पताल रिफर किया गया। अस्पताल में चिकित्सकों की टीम ने उसे बचाने का प्रयास किया लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। इस घटना के बाद जेल प्रशासन और पुलिस को सूचना दी गई। जेल अधीक्षक प्रभात चतुर्वेदी ने बताया कि रमेश पटेल को दहेज हत्या के मामले में भारतीय दंड संहिता की धारा 304-बी के तहत माननीय न्यायालय द्वारा 10 वर्ष की सजा सुनाई गई थी। वह पिछले लगभग दो वर्षों से जिला जेल में सजा काट रहा था।







