तीर्थयात्रियों की सेवा करने वालों को गंगा में सौ डुबकी लगाने के समान पुण्य मिलेगा: उप मुख्यमंत्री, तीर्थयात्रियों को भोजन और पानी का किया वितरण, यातायात की स्थिति सामान्य

रीवा l उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ रीवा से चाकघाट तक भ्रमण किया। उप मुख्यमंत्री ने भ्रमण के दौरान रीवा प्रयागराज मार्ग पर तीर्थयात्रियों के लिए भोजन, ठहरने, पानी, चाय तथा सुरक्षा के लिए की गयी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। फिलहाल स्थिति पहले से अधिक सामान्य हैl
उप मुख्यमंत्री ने हरिहरपुर मोड, जोगिनहाई टोल प्लाजा, बेलवापैकान, जनकहाई, मनगवां, श्रीयुत कालेज गंगेव, सोहागी टोल प्लाजा तथा चाकघाट रैन बसेरा में प्रयागराज जाने वाले तीर्थयात्रियों से भेंटकर उन्हें नि:शुल्क भोजन और पानी का वितरण किया। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशा के अनुसार रीवा संभाग के सभी जिलों में प्रयागराज जाने वाले तीर्थयात्रियों के लिए समुचित व्यवस्थाएं की गयी हैं। जनप्रतिनिधि प्रशासनिक अधिकारी, कर्मचारी, सामाजिक संगठन तथा बड़ी संख्या आमजन सेवाभाव से तीर्थयात्रियों को नि:शुल्क भोजन, पानी, चाय की सुविधा दें रहे हैं। देश भर से तीर्थयात्री प्रयागराज पहुंचकर त्रिवेणी स्नान करके महाकुंभ का पुण्य लाभ ले रहे हैं। तीर्थयात्रियों की सेवा करने वालों को गंगा में सौ डुबकी लगाने के समान पुण्य मिलेगा। तीर्थयात्रियों की सेवा में किसी तरह की कमी नहीं आने दी जायेगी। महाशिवरात्रि पर्व तक रीवा प्रयागराज मार्ग पर व्यवस्थाएं चाकचौबंद रहेगी। प्रयागराज में अधिक भीड़ होने पर ही वाहनों को रोका जायेगा। अभी वाहन निर्बाध रूप से रीवा प्रयागराज मार्ग से कुंभ के लिए जा रहे हैं।
उप मुख्यमंत्री ने तीर्थयात्रियों से किया संवाद- श्रीयुत कालेज गंगेव तथा चाकघाट रैन बसेरा में कर्नाटक, हैदराबाद और महाराष्ट्र से आये तीर्थयात्रियों से संवाद किया। कर्नाटक के बीजापुर जिले से आये कृष्णाप्पा तथा राजू ने तीर्थयात्रियों को जगह-जगह सुविधा की प्रशंसा की। तीर्थयात्रियों ने मुख्यमंत्री, उप मुख्यमंत्री तथा मध्यप्रदेश सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया। कई तीर्थयात्रियों ने उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल के साथ सेल्फी ली। रीवा प्रयागराज मार्ग पर जनअभियान परिषद के स्वंयसेवकों तथा सामाजिक संगठनों द्वारा भी जगह-जगह भोजन, पानी, विस्किट, चाय और फलों का वितरण किया जा रहा है। मनगवां में सामाजिक संगठनों के साथ मिल कर नगर पंचायतों द्वारा तीर्थयात्रियों के लिए खिचड़ी और पानी का वितरण किया जा रहा है। सोहागी में एसएन पब्लिक स्कूल कांकर द्वारा तीर्थयात्रियों को भोजन और पानी का वितरण किया जा रहा है।
चाकघाट रैन बसेरा में उप मुख्यमंत्री ने जनप्रतिनिधियों तथा अधिकारियों से तीर्थयात्रियों के लिए किये गये प्रबंधों की जानकारी ली। पूर्व विधायक श्री श्यामलाल द्विवेदी तथा नगर परिषद अध्यक्ष ने बताया कि रैन बसेरा में रात दिन तीर्थयात्रियों को ठहरने, भोजन, पानी, शौचालय तथा उपचार की सुविधा दी जा रही है। हजारों यात्री इसका लाभ उठा रहे हैं। मौके पर उपस्थित रीवा संभाग के कमिश्नर बीएस जामोद ने बताया कि रैन बसेरा एक महीने से लगातार संचालित है। इसमें तीन पालियों में अधिकारियों और कर्मचारियों की ड¬ूटी लगायी गयी है। एसडीएम त्योंथर संजय जैन, सीएमओ चाकघाट तथा मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत त्योंथार मिलकर समस्त व्यवस्थायें सुनिश्चित कर रहे हैं। आसपास की ग्राम पंचायतें तथा सामाजिक संगठन भी तीर्थयात्रियों की सेवा में पूरा सहयोग कर रहे हैं। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी द्वारा चार स्थानों पर मेडिकल टीम तैनात की गयी है। रैन बसेरा में तैनात मेडिकल टीम तीर्थयात्रियों को दवाओं का लगातार वितरण कर रही है। मौके पर उपस्थित डीआईजी साकेत प्रकाश पाण्डेय ने बताया कि प्रयागराज में भीड़ और वाहनों का दबाओं बढ़ने पर रीवा प्रयागराज मार्ग पर यातायात व्यवस्थित करना बड़ी चुनौती रहा। प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों ने 24 घण्टे तैनात रहकर व्यवस्थायें बनायी। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक लाल तथा एसडीओपी त्योंथर उदित मिश्रा ने सहयोगी पुलिस अधिकारी और पुलिस बल के साथ चाकघाट और सोहागी में व्यवस्थाएं सुनिश्चित की।
उप मुख्यमंत्री ने हनुमान मंदिर में चढ़ाया ध्वज- रीवा से चाकघाट तक तीर्थयात्रियों के लिए की गयी व्यवस्थाओं का उप मुख्यमंत्री ने जायजा लिया। इस दौरान उप मुख्यमंत्री ने ग्राम बेलवा पैकान में हनुमान जी मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना करके मंत्रोंच्चार के बीच ध्वज चढ़ाया। उप मुख्यमंत्री ने भगवान से प्रदेशवासियों की खुशहाली की कामना की।
- मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को महाकुंभ को लेकर कहा – सभी श्रद्धालुओं को कोई समस्या न हो
रीवा प्रयागराज मार्ग पर महाकुंभ मेले के कारण बड़ी संख्या में वाहनों का आवागमन हो रहा है। महाकुंभ जाने वाले यात्रियों को रीवा जिला प्रशासन के साथ-साथ सामाजिक संगठन और जनअभियान परिसर से जुड़ी समितियाँ नि:शुल्क भोजन और पानी प्रदान कर रही है। इस संबंध में जनअभियान परिषद के संभागीय समन्वयक प्रवीण पाठक ने बताया कि कमिश्नर रीवा बीएस जामोद तथा कलेक्टर प्रतिभा पाल के निर्देशों के अनुसार 11 स्थानों पर जनअभियान परिषद के स्वंयसेवक तैनात किये गये हैं। जनअभियान परिषद से जुड़ी समितियों के सदस्य तथा विकासखण्ड समन्वयक मिलकर तीर्थयात्रियों के लिए नि:शुल्क भोजन, पानी और चाय का वितरण कर रहे हैं। तीर्थयात्रियों के लिए बेला बाईपास में बनाये गये जनसेवा केन्द्र में नि:शुल्क भोजन का वितरण किया जा रहा है। सोहागी बाईपास में बहुउद्देशीय समिति सोहागी तथा जोगिनहाई टोल प्लाजा में विकासखण्ड जनअभियान समिति रायपुर कर्चुलियान द्वारा कुंभ यात्रियों को नि:शुल्क नास्ता, भोजन, पानी एवं चाय का वितरण किया जा रहा है। जनअभियान परिषद टीम की सदस्य चाकघाट सीमा पर भी तैनात हैं।
मऊगंज जिले में होÏल्डग स्टेशनों में सभी व्यवस्थायें दुरूस्त रखें – कलेक्टर
प्रयागराज में महाकुंभ मेले में सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु मऊगंज जिला अन्तर्गत हनुमना की सीमा से प्रयागराज जा रहे हैं, जिससे जगह-जगह पर सड़क पर ट्रैफिक जाम की स्थिति निर्मित हो रही है। ट्रैफिक जाम को नियंत्रित करने हेतु जिला मऊगंज अन्तर्गत मऊगंज में सगुन पैलेश, खटखरी बिझौली में अपना ढ़ाबा तथा हनुमना में डीपी होटल के सामने भीड़ को रोकने हेतु होÏल्डग स्टेशन बनाये गये है।
कलेक्टर अजय श्रीवास्तव ने तीनों होÏल्डग स्टेशन में आवश्यक व्यवस्था बनाये रखने हेतु पुलिस अधीक्षक को सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था हेतु आवश्यक पुलिस बल लगाने, अनुविभागीय अधिकारी/मुख्य कार्यपालन/ नगर परिषद अधिकारी को आवश्यक छांव, चाय, पानी, भोजन तथा बच्चों के लिए दूध तथा स्वच्छता व्यवस्था हेतु आवश्यकतानुसार कर्मचारी लगाने तथा बीएमओ को आवश्यक उपचार हेतु आवश्यक चिकित्सा दल लगाने के निर्देश दिये हैं।