तीन पत्ती स्थित द्वारका होटल में भड़की आग, पुलिस और दमकल विभाग की तत्परता से टला बड़ा हादसा

जबलपुर यश भारत । शहर के व्यस्ततम हृदय स्थल तीन पत्ती के समीप स्थित द्वारका होटल में आज अचानक आग लगने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। आग लगने के कारणों का अभी तक सटीक खुलासा नहीं हो पाया है, लेकिन धुएं का गुबार उठते ही आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर तैनात पुलिसकर्मी एसके विश्वकर्मा और उनकी टीम ने मोर्चा संभाला। पुलिस ने बिना समय गंवाए दमकल विभाग को सूचित किया, जिसके बाद फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां तत्काल मौके पर पहुँचीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।
इस पूरी घटना में बस स्टैंड चौकी पुलिस की भूमिका अत्यंत सराहनीय रही। तीन पत्ती और बस स्टैंड का क्षेत्र काफी भीड़भाड़ वाला और व्यस्ततम इलाका है, जहाँ आग फैलने की स्थिति में बड़ी जनहानि या आर्थिक नुकसान का खतरा बना हुआ था। लेकिन बस स्टैंड चौकी पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए न केवल भीड़ को नियंत्रित किया, बल्कि आग को होटल के अन्य हिस्सों और आसपास की दुकानों में फैलने से रोकने में अहम भूमिका निभाई। राहत की बात यह रही कि समय रहते आग पर नियंत्रण पा लिया गया, जिससे कोई अप्रिय घटना नहीं हुई। फिलहाल पुलिस और प्रशासन आग लगने के कारणों की विस्तृत जांच कर रहे हैं।







