तालाबंदी के आदेश से पैथॉलाजी सेंटरों में हडक़ंप, 8 की हुई थी जांच, नहीं खुला बालाजी पैथॉलाजी सेंटर का ताला, बाकी सेंटरों के संचालक भी सहमे

कटनी, यशभारत। नियम विरुद्ध चल रहे पैथोलॉजी सेंटर्स के खिलाफ सख्ती का असर दिखने लगा है। यशभारत लगातार प्रशासन का ध्यान इस ओर आकर्षित कराता आया है, फलस्वरूप मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आर के अठ्या ने कई पैथॉलाजी सेंटरों को तालाबंदी के निर्देश जारी कर दिए। आज सुबह आदर्श कालोनी स्थित बालाजी पैथोलॉजी सेंटर में ताला लटका मिला। अन्य सेंटरों में भी सख्ती का असर तो देखने मिल रहा है लेकिन जो जांच के दायरे में आए हैं, उनमें से कई में आज भी स्लाइड टेस्ट चलते रहे। इनके खिलाफ क्या एक्शन होता है, यह एक दो दिन में सामने आ जायेगा।
सूत्र बताते हैं कि कलेक्टर दिलीप यादव इस मामले में सख्त हुए हैं, जिसके बाद सीएमएचओ डॉ आर के अठया ने अपने 3 दिन की मोहलत वाले नोटिस पर अमल शुरू कर दिया। बालाजी सेंटर को कल एक और नोटिस जारी कर साफ निर्देश दे दिए गए कि उन्होंने सरकार की गाइड लाइन का पालन नहीं किया है, इसलिए वे स्वयं अपने सेंटर में तालाबंदी कर दें, अन्यथा विभाग की ओर से कार्यवाही की जाएगी। इस नोटिस के जारी होने के बाद पैथोलॉजी सेंटरों में कल से ही हडक़ंप की स्थिति बनी हुई है। जिन 8 सेंटरों में जांच दल ने पहुंचकर जांच की थीए उनमें से आज कुछ सेंटर खुले तो जरूर लेकिन कार्यवाही की तलवार उन पर लटक रही है। गौरतलब है कि जांच में यह बात सामने आई थी कि इन सेंटरों में अनुबंधित पैथोलॉजिस्ट भी मौजूद नहीं रहते। जबकि पैथोलॉजिस्ट दो से ज्यादा सेंटरों में अनुबंध पर काम कर रहे है। सरकार के साफ निर्देश है कि जिन सेंटरों में पैथोलॉजिस्ट नहीं होगाए वो सेंटर नहीं चल पाएंगे। कटनी में लंबे समय से एक दर्जन सेंटर ऐसे ही चलते हुए लोगों की सेहत से खिलवाड़ कर रहे हैं। इनमें ट्रेनिंग लेकर कम करने वाले लडक़े लड़कियां मौजूद होते हैं। वहीं रिपोर्ट जारी कर देते हैं। नियमानुसार रिपोर्ट पैथोलॉजिस्ट के डिजिटल साइन से जारी होना चाहिएए किंतु कई बार रिपोर्ट में ये साइन भी नहीं होते। सूत्र बता रहे हैं कि नोटिस के बाद कार्यवाही की जद में आने वाले सेंटरों के संचालक पैथोलॉजिस्ट की परमानेंट नियुक्ति को लेकर प्रयास कर रहे है और साथ ही मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के दफ्तर में मोहलत का गणित बैठा रहे है लेकिन इस बार प्रशासन की सख्ती का असर दिख रहा है।
इन पैथोलॉजी सेंटरों की हुई थी जांच
जांच टीमों ने शहर के गर्ग चौराहा स्थित आयुष पैथोलॉजी, आदर्श कालोनी स्थित बालाजी पैथोलॉजी, नेमा पैथोलॉजी, आजाद चौक स्थित अदिति पैथोलॉजी, भट्ठा मोहल्ला स्थित गणेश पैथोलॉजी, माधवनगर स्थित गुरु पैथोलॉजी, चांडक चौक स्थित जालपा पैथॉलाजी तथा गर्ग चौराहा स्थित राधिका पैथोलॉजी की जांच के बाद अनुविभागीय अधिकारी को अपना प्रतिवेदन सौंपा था। इन सेंटरों में से बालाजी को कल शाम 24 घंटे में सेंटर बंद करने का आदेश दे दिया गया। बाकी सेंटरों को भी नोटिस जारी किया जा रहा है।







