ताकि फरियादी को नहीं काटना पड़े थानों के चक्कर, जनता की शिकायतों को प्राथमिकता से हल करना जनसुनवाई का उद्देश्य

कटनी, यश भारत। नागरिकों की समस्याओं एवं शिकायतों को प्रत्यक्ष रूप से सुनने तथा उनका त्वरित, निष्पक्ष एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कटनी पुलिस द्वारा आज 17 फरवरी को प्रातः 12 बजे पुलिस कंट्रोल रूम में जनसुनवाई कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
जनसुनवाई के दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित हुए। पुलिस अधिकारियों द्वारा प्रत्येक फरियादी की शिकायत को गंभीरतापूर्वक सुना गया तथा सभी मामलों में त्वरित एवं निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित करने हेतु संबंधित थाना प्रभारियों एवं शाखा प्रभारियों को स्पष्ट एवं आवश्यक निर्देश प्रदान किए गए। जनसुनवाई के दौरान कुल 35 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें प्रमुख रूप से भूमि विवाद, पारिवारिक विवाद, मारपीट, धोखाधड़ी, साइबर अपराध, महिला उत्पीड़न एवं थानों से संबंधित शिकायतें शामिल रहीं। सभी फरियादियों की समस्याओं को एक-एक कर सुना गया तथा प्रत्येक शिकायत की निष्पक्ष जांच कर नियमानुसार समयबद्ध निराकरण करने के निर्देश दिए गए।
कटनी पुलिस द्वारा आयोजित इस जनसुनवाई कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जनता की समस्याओं को सीधे सुनकर प्राथमिकता के आधार पर उनका समाधान करना है, ताकि किसी भी फरियादी को अनावश्यक रूप से थानों के चक्कर न काटने पड़ें तथा पुलिस-जन संवाद को और अधिक सुदृढ़ बनाया जा सके।







