तडक़े 5 बजे टे्रक्टर चालकों से रिश्वत ले रहा था आरक्षक, महिला पुलिस अधिकारियों की दबिश, आरक्षक सस्पेंड, बहोरीबंद टीआई को हटाय, शिकायतों के बाद एसपी ने की कार्रवाई

कटनी, यशभारत। बहोरीबंद में अवैध वसूली की शिकायतों के बाद महिला पुलिस अधिकारियों ने वेश बदलकर एक आरक्षक को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा। इसके बाद टीआई अखिलेश दाहिया को हटाते हुए आरक्षक पर निलंबन की कार्रवाई की गई है। फिलहाल बहोरीबंद थाने का प्रभार धनंजय पांडेय को सौंपा गया है। बताया जाता है कि एसपी को बहोरीबंद में अवैध वसूली की शिकायतें मिली थीं। जिसमे कहा गया था कि थाने के स्टाफ द्वारा वाहन चालकों से रुपयों की मांग की जाती है। ट्रैक्टर चालकों से 500 से 1 हजार रुपए तक वसूली की बात सामने आई थी। ट्रैक्टर चालक की शिकायत के बाद एसपी ने प्रशिक्षु डीएसपी शिवा पाठक एसडीओपी स्लीमनाबाद आकांक्षा चतुर्वेदी के नेतृत्व में टीम गठित की। टीम सुबह 5 बजे बहोरीबंद पहुंची। कार्रवाई को गोपनीय रखने के लिए अधिकारियों ने अपना वाहन बस स्टैंड पर खड़ा किया और खुद वेश बदलकर ट्रैक्टर में सवार हो गईं। उन्होंने ट्रैक्टर चालक को पहले से चिन्हित 500 रुपए की राशि दी और निर्देश दिया कि यदि कोई पुलिसकर्मी पैसे मांगे तो वही राशि दे। जैसे ही ट्रैक्टर स्लीमनाबाद मोड़ के पास पहुंचा, वहां पहले से मौजूद बहोरीबंद थाने के मोबाइल वाहन चालक आरक्षक लक्ष्मण पटेल ने वाहन को रोक लिया। उसने चालक को कार्रवाई का डर दिखाते हुए 500 रुपए की रिश्वत ली। इसके बाद महिला अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर आरक्षक को रंगे हाथ पकड़ लिया। कार्रवाई की वीडियोग्राफी भी की गई। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया कि थाना प्रभारी अखिलेश दाहिया के खिलाफ पहले से कई शिकायतें थीं। आरोप था कि थाने में आम लोगों की समस्याओं का समय पर निराकरण नहीं किया जाता था और अवैध वसूली की जा रही थी।
इनका कहना है
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने चेतावनी दी है कि जिले में किसी भी प्रकार की भ्रष्ट गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आम जनता के साथ अन्याय करने वाले पुलिसकर्मियों पर सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस पूरी कार्रवाई ने यह संदेश दिया है कि पुलिस विभाग के भीतर भी पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए सख्त कदम उठाए जा रहे हैं।







