डोंगरिया में खुलेआम शराब की बिक्री, महिलाओं ने कलेक्टर से की शिकायत, कच्ची शराब बनाने व बेचने पर लगे रोक

कटनी, यशभारत। स्लीमनाबाद थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम डोंगरिया में अवैध शराब से परेशान ग्रामीण महिलाओं ने अनोखा कदम उठाते हुए खुद कार्रवाई की और जब्त शराब के साथ प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग की। महिलाएं मंगलवार को सीधे कलेक्ट्रेट कटनी पहुंचीं और अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा। महिलाओं का आरोप है कि गांव में लंबे समय से कच्ची शराब का निर्माण और बिक्री खुलेआम हो रही थी। इस संबंध में पुलिस और संबंधित अधिकारियों से कई बार शिकायत की गई, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। आरोप है कि लगातार अनदेखी के कारण महिलाओं को खुद ही मोर्चा संभालना पड़ा। महिलाओं ने गांव के विभिन्न ठिकानों पर जाकर कथित रूप से करीब 10 लीटर कच्ची शराब और महुआ लहान शराब बनाने की सामग्री जब्त की। ग्रामीणों ने ज्ञापन में आरोप लगाया कि छिटपुट कार्रवाई के बाद भी मुख्य कारोबारियों पर रोक नहीं लग रही है, जिससे अवैध कारोबार खुलेआम जारी है। महिलाओं ने दोषियों के खिलाफ कार्रवाई, नियमित जांच और गांव में नशा मुक्त वातावरण बनाने की मांग की है।







