डांस को लेकर हवाई फायरिंग, तोडफ़ोड़ : लगुनोत्सव कार्यक्रम में आपस में ही भिड़ गए रिश्तेदार, दो घायल
पुलिस ने मामला दर्ज कर, जांच में जुटी

जबलपुर, यशभारत। बेलखेड़ा में लगनोत्सव के दौरान डांस को लेकर रिश्तेदारों में ही आपस में जमकर विवाद हो गया। बदला लेने 10 से 15 लोग आधी रात बेलखेड़ा के राजमार्ग गांव पहुंच गए। वहां फ ायरिंग, पथराव करते हुए मारपीट की। बेलखेड़ा पुलिस ने एफ आईआर दर्ज कर, पूरा मामला जांच में लिया हैै। घटना में एक बच्चे और महिला को मामूली चोट है।
जानकारी अनुसार राजमार्ग गांव निवासी राजा सिंह ठाकुर की मालाखुर्द गांव में रिश्तेदारी है। मालाखुर्द गांव से सुंदरादेही में लगुन गयी थी। वे भी रिश्तेदारों संग गए थे। वहां लगनोत्सव में आर्केस्ट्रा का आयोजन रखा गया था। जहां आर्केस्ट्रा में डांस के दौरान रात 12 बजे के लगभग सुंदरादेही गांव के गुड्डा ठाकुर से विवाद हो गया। विवाद गहराता कि राजा सिंह ठाकुर अपने वाहन एमपी 20 सीएच 1309 से घर लौट गए।
राजा सिंह ठाकुर ने बेलखेड़ा थाने में शिकायत में बताया कि वह घर आकर सो गया था। रात में अचानक उनकी नींद फ ायरिंग की आवाज से टूटी। वह निकला तो घर के बाहर सुंदरादेही गांव निवासी गुड्डा ठाकुर, देवराज ठाकुर व दिनेश ठाकुर सहित 8-10 अन्य लोग बाइक सहित खड़े थे। उसे देखते ही सभी घर पर और वाहन पर पथराव करने लगे। शोर सुनकर उसका बेटा सूरत बाहर निकला तो आरोपियों ने उसे दौड़ा लिया। घर में घुसकर उसके साथ मारपीट की। मारपीट और पथराव के चलते चीख-पुकार मच गई थी। शोर सुनकर उसका भतीजा अनु और गांव के चार-पांच अन्य लोग मदद को दौड़े, तब आरोपी धमकाते हुए और हवाई फायरिंग करते हुए बाइक सहित फरार हो गए। बदमाशों ने उसके वाहन के सारे कांच तोड़ डाले। पूरे वाहन पर पथराव किए हैं। उसके घर में भी बड़े-बड़े पत्थरे फेंके थे।
312 बोर के खोखे मिले
जानकारी अनुसार वाहन के दोनों ओर 312 बोर के तीन खोखा व एक जिंदा कारतूस पड़ा मिला। पुलिस ने कारतूस जब्त कर, मामले की जांच में जुटी है।