मध्य प्रदेशराज्य

डंपर ने खड़ी कार को मारी टक्कर : पुल से नीचे गिरे वाहन; 1 की मौत, 9 घायल

सिवनी यश भारत:-सिवनी जिले के लखनवाड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत नेशनल हाईवे 44 पर भीषण सड़क हादसा हो गया। सिमरिया पुल के पास डंपर ने खड़ी कार को टक्कर मार दी हादसे के बाद दोनों वाहन करीब 20 फीट नीचे पुल के नीचे जा गिरे। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कुल 9 लोग घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार छिंदवाड़ा निवासी जितेंद्र सूर्यवंशी अपनी कार क्रमांक MP 13 CB 0222 (फॉर्च्यूनर) से साथी कन्हैया सूर्यवंशी और आदित्य चौरे के साथ ग्राम नंदौरा जा रहे थे। लौटते समय सिमरिया पुल के पास उन्होंने कार साइड में खड़ी की थी। इसी दौरान पीछे से आ रहे ट्रक क्रमांक MP 22 G 3164 (हाफ डाला), जिसमें ईंट भरी हुई थी, के चालक ने तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाते हुए खड़ी कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कार और ट्रक दोनों पुल की रेलिंग तोड़ते हुए नीचे जा गिरे।

कार सवार कन्हैया सूर्यवंशी को सिर, पीठ व दाहिने हाथ में चोट आई है, जबकि आदित्य चौरे के सिर और बाएं पैर में गंभीर चोटें आई हैं। वहीं ट्रक में सवार मजदूरों में ताखला (बरघाट) निवासी संदीप मर्शकोले (20) की मौत हो गई। अन्य घायलों में प्रिंस पंद्रे (18), राजा उइके (22), नरेंद्र मर्सकोले (21), सचिन उइके (23), विशाल मर्शकोले (18) और करन मर्शकोले (23) शामिल हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों वाहन तेज गति में थे। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। आरोप है कि नेशनल हाईवे की एंबुलेंस समय पर नहीं पहुंची, जिससे घायलों को अस्पताल पहुंचाने में देरी हुई। बाद में पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू कर सभी घायलों को बाहर निकाला।

लखनवाड़ा थाना प्रभारी चंद्रकिशोर सिरामें ने बताया कि मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे का कारण माना जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button