ट्रेड लाइसेंस के मुद्दे पर जिला व्यापार महासंघ आज 2 बजे तक बंद के आवाहन पर अडिग : बंद के मुद्दे पर व्यापारी हुए दो फ़ाड़

सागर यश भारत (संभागीय ब्यूरो)/ नगर निगम सागर द्वारा लागू किए गए ट्रेड लाइसेंस के मुद्दे पर व्यापारी संघ दो फाड़ हो गया है। जिला व्यापार महासंघ द्वारा इस मुद्दे पर आज मंगलवार को दोपहर 2 बजे तक सांकेतिक बंद का आवाहन किया था। वहीं दूसरी तरफ प्रदेश भाजपा सरकार में रहे भोपाल के एक पूर्व मंत्री द्वारा “कैट” के नाम से बनाए गए अन्य व्यापारिक संघ ने गुपचुप रूप से नगर निगम आयुक्त राजकुमार खत्री से मुलाकात कर व्यापारियों के बंद की हवा निकाल दी है। वहीं दूसरी तरफ जिला व्यापार महासंघ बंद के आह्वान पर अड़ा हुआ है।
गौरतलब है कि सागर नगर निगम द्वारा सभी प्रकार के व्यापार, व्यवसाय और कारोबारों पर भारी भरकम ट्रेड लाइसेंस लेने की अनिवार्यता लागू की है। इस संबंध में नगर निगम द्वारा सख्ती बरतते हुए कई छोटे व्यापारियों के प्रतिष्ठानों पर तालाबंदी जैसी कार्यवाही शुरू कर उन्हें सील कर दिया गया था।
जिला व्यापार महासंघ नगर निगम की इस कार्यवाही का विरोध जताते हुए ट्रेड लाइसेंस का आदेश वापस लेने के लिए लामबंद हो गया था और उसे कई व्यापारिक और व्यावसायिक समूह का लिखित समर्थन भी प्राप्त हो गया था। जिसे लेकर आज मंगलवार को सांकेतिक बंद का आवाहन भी किया गया है।
इसी बीच “कैट” के नाम से बड़े स्तर का व्यापार करने वाले कतिपय बड़े व्यापारियों के समूह ने जिला व्यापार महासंघ को विश्वास में लिए बिना ही गुपचुप ढंग से नगर निगम आयुक्त के पास पहुंचकर बिना किसी लिखित गारंटी के ट्रेड लाइसेंस प्रक्रिया को स्थगित करने की घोषणा स्वयं ही कर दी जिसे लेकर व्यापार महासंघ में आश्चर्य व्यक्त किया जा रहा है।
उक्त व्यापार समूह द्वारा की गई घोषणा के बाद जिला व्यापार महासंघ के पदाधिकारीयों ने आश्चर्य और आक्रोश व्यक्त करते हुए आज किए जाने वाले बंद के आह्वान पर अडिग रहते हुए प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर को ज्ञापन देने की अपनी पूर्व घोषणा पर कायम रहने की बात कही है। इसके तहत दोपहर 2 बजे तक सभी प्रकार के व्यापार और व्यवसाय को बंद रखते हुए कलेक्टर को ज्ञापन सोपा जाएगा।







