टी-20 वर्ल्ड कप में भारत की ऐतिहासिक जीत: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दी बधाई, कहा- “भारतीय क्रिकेटर सर्वश्रेष्ठ थे और सर्वश्रेष्ठ हैं”

भोपाल यश भारत । मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भारतीय क्रिकेट टीम द्वारा टी-20 वर्ल्ड कप के रोमांचक मुकाबले में न्यूजीलैंड को हराकर विश्व विजेता बनने पर पूरी टीम और देशवासियों को हार्दिक बधाई दी है। मैच के विजयी क्षणों का आनंद लेने के बाद मुख्यमंत्री ने हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि भारत इस गौरवशाली विजय का पूरी तरह हकदार था। उन्होंने टीम के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि भारतीय खिलाड़ियों ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि अनुशासन, कड़ा परिश्रम और राष्ट्रप्रेम के भाव के साथ खेलते हुए दुनिया में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया जा सकता है। उन्होंने अहमदाबाद के नरेन्द्र मोदी स्टेडियम में मौजूद दर्शकों के उत्साह को भी बेमिसाल बताया।
मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से कप्तान सूर्यकुमार यादव, अभिषेक शर्मा, जसप्रीत बुमराह, हार्दिक पंड्या, अर्शदीप सिंह, ईशान किशन और संजू सैमसन सहित पूरी टीम की सूझबूझ और शानदार खेल की तारीफ की। उन्होंने खिलाड़ियों के चयन के लिए चयनकर्ताओं और खेलों को निरंतर प्रोत्साहन देने के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी का भी आभार व्यक्त किया। डॉ. यादव ने याद दिलाया कि करीब दो साल पहले 2024 में भी भारत ने दक्षिण अफ्रीका को हराकर विश्व कप जीता था और आज की इस जीत ने क्रिकेट के इतिहास में एक और स्वर्णिम अध्याय जोड़ दिया है, जिससे पूरा राष्ट्र गौरवान्वित है।







