जबलपुर में शीतलहर का अलर्ट:31 जनवरी तक ठंड से राहत नहीं; उमरिया, सिवनी, सीधी, पन्ना में भी सर्दी का जोर

जबलपुर, यशभारत। जबलपुर में तीन दिन से ठंड का सितम लोगों पर एक बार फिर भारी पड़ने लगा है। 24 जनवरी को जहां न्यूनतम पारा 12 डिग्री से ऊपर था। अब ये 6 डिग्री नीचे आ चुका है। बर्फबारी वाले पहाड़ी इलाकों से आ रही उत्तरी हवाओं के चलते कंपकंपी बढ़ गई है। मौसम विभाग ने 31 जनवरी तक शीतलहर जारी रहने का अलर्ट जारी किया है। जबलपुर के साथ उमरिया, सिवनी, सीधी, पन्ना में अधिक ठंड और शीतलहर पड़ने की चेतावनी जारी की है।
मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार की रात न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस के लगभग रहा। वहीं अधिकतम तापमान 19.7 डिग्री रहा। मौसम विभाग ने 31 जनवरी तक जिले में शीतलहर पड़ने की चेतावनी जारी की है। शुक्रवार शाम होते ही शहर शीतलहर की चपेट में आ गया। लोग ठंड से बचने के लिए अलाव का सहारा देखते हुए दिखे। चार दिन से न्यूनतम तापमान में लगातार गिरावट दर्ज हो रही है। न्यूनतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस नीचे चल रहा है। उत्तरी हवाओं के चलते मौसम में ये बदलाव दिख रहा है।





