जबलपुर: दुकानदार पर दबंगों का हमला, मोटर साइकिल हटाने जैसी मामूली बात पर जमकर पीटा, जान से मारने की दी धमकी

जबलपुर यश भारत।शहर के अधारताल थाना क्षेत्र अंतर्गत राजुल ड्रीम सिटी (अमखेरा) में वर्चस्व की लड़ाई और आपसी रंजिश के चलते एक दुकानदार के साथ मारपीट का सनसनीखेज मामला सामने आया है। न्यू भगवती मार्ट के संचालक और विनोबा नगर निवासी दुकानदार ने थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि महज सड़क पर खड़ी बाइक हटाने जैसी छोटी सी बात पर पड़ोस में रहने वाले युवक और उसके साथियों ने उन पर जानलेवा हमला कर दिया।
क्या है पूरा मामला?
पीड़ित दुकानदार के अनुसार, घटना 25 दिसंबर की रात करीब 9:00 बजे की है। जब वह अपनी दुकान पर थे, तभी उनके घर के सामने रहने वाला अंकित श्रीवास्तव अपने दो अज्ञात साथियों के साथ दुकान में घुसा। आरोपियों ने विवाद शुरू किया कि उनकी मोटरसाइकिल घर के सामने से क्यों हटाई गई। पीड़ित ने जब सफाई दी कि सड़क पर खड़ी होने के कारण गाड़ी हटाई थी, तो तीनों आरोपी भड़क गए और मां-बहन की गंदी गालियां देने लगे।
CCTV में कैद हुई वारदात
विरोध करने पर आरोपियों ने दुकानदार के साथ हाथ-मुक्कों से बर्बरतापूर्वक मारपीट शुरू कर दी, जिससे उनके सिर और सीने में गंभीर चोटें आई हैं। वारदात को अंजाम देने के बाद भागते समय आरोपियों ने पीड़ित को धमकी दी कि “अगर रिपोर्ट करने गए, तो जान से खत्म कर देंगे।” इस पूरी घटना को प्रत्यक्षदर्शी आशुतोष और किशोर कुमार गुप्ता ने देखा है। राहत की बात यह है कि यह पूरी वारदात दुकान में लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई है।
पुलिस जांच शुरू
पीड़ित की शिकायत पर अधारताल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अंकित श्रीवास्तव के साथ आए अन्य दो युवकों की पहचान करने में जुटी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में इस तरह की गुंडागर्दी से व्यापारियों में असुरक्षा का माहौल है। अब देखना होगा कि पुलिस इन हमलावरों को कब तक सलाखों के पीछे भेजती है।







