जंगलों में कीमती लकड़ी का अवैध परिवहन, वन विभाग ने कसी नकेल, लकडिय़ों से भरा वाहन जब्त

कटनी, यशभारत। ढीमरखेड़ा के जंगलों में अवैध लकड़ी के परिवहन पर नकेल कसते हुए ढीमरखेड़ा वन विभाग ने देर रात एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। वन विभाग की टीम ने ग्राम बिचुआ के पास गश्त के दौरान करीब 30 नग कीमती बल्लियों और जलाऊ लकड़ी से लदे एक चार पहिया वाहन को पकड़ा।
बताया जाता है कि वन विभाग की टीम बीती रात जब नियमित गश्त पर थीए तभी ग्राम बिचुआ के समीप एक संदिग्ध वाहन आता हुआ दिखाई दिया। टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए वाहन को रोककर तलाशी लीए तो उसमें भारी मात्रा में लकड़ी लदी पाई गई। परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज न होने के कारण टीम ने वाहन को तत्काल अपने कब्जे में ले लिया। रेंजर अजय मिश्रा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि वाहन को जब्त कर लिया गया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। हम लकड़ी के स्रोत और उसकी वैधता की पड़ताल कर रहे हैं। जांच के आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। कार्रवाई में रेंजर अजय मिश्रा, डिप्टी रेंजर अशोक कोल, प्रदीप तिवारी, कमलेश बर्मन, रामकुमार कुशवाहा, विनीश सिंह और सुजाता गोंड़ की मुख्य भूमिका रही।







