चुपके चुपके हुआ प्यार का इजहार, पुलिस के पहरे के बीच युवाओं ने मनाया वेलेंटाइन डे, हिंदू संगठनों का विरोध भी

कटनी, यशभारत। आज 14 फरवरी को प्रेम और अपनत्व के प्रतीक के रूप में मनाए जाने वाले वेलेंटाइन डे पर शहर में युवाओं का उत्साह देखते ही बना। सुबह से ही पार्कों, कैफे, रेस्टोरेंट और सार्वजनिक स्थलों पर युवा वर्ग अपने दोस्तों और जीवनसाथियों के साथ इस खास दिन का आनंद लेते नजर आए।
शहर के प्रमुख उद्यानों और रेस्टोरेंट्स में चहल-पहल रही। युवाओं ने एक-दूसरे को गुलाब भेंट कर, चॉकलेट और उपहार देकर अपने भाव प्रकट किए। सोशल मीडिया पर भी दिनभर “लव” और “फ्रेंडशिप” से जुड़े संदेशों की भरमार रही।
हालांकि कुछ सामाजिक संगठनों ने भारतीय संस्कृति का हवाला देते हुए इस दिन का विरोध भी जताया, लेकिन प्रशासन की सतर्कता के चलते कहीं से किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली। शहर के सुरम्य और जागृति पार्क समेत सुर्खी टैंक, बिलहरी, अमकुही की पहाड़ी, घुघरा, रुपनाथ समेत अन्य स्थानों पर भीड़ देखी गई। इन स्थानों पर हालांकि पुलिस और महिला पुलिस की खास नजर रही। स्कूल और कॉलेजों के आसपास भी पुलिस की नजर रही ताकि मनचले तत्व किसी को परेशान न कर सकें। युवाओं ने ज्यादातर फेसबुक, वॉट्सएप और मैसेंजर का ही इस्तेमाल ज्यादा किया। गिफ्ट आइटम की दुकानों में भी भीड़ दिखी। उधर मिशन चौक और चौपाटी के पास स्थित फ्लावर शॉप में भी गुलाब खरीदने वालों को पहुंचते देखा गया।
परिवार के प्रति स्नेह जताने का भी दिन
कॉलेज छात्रा नेहा शर्मा ने बताया, “यह दिन सिर्फ प्रेमी-प्रेमिका के लिए नहीं, बल्कि दोस्ती और परिवार के प्रति स्नेह जताने का अवसर भी है।” वहीं, कई युवाओं ने इसे सकारात्मक सोच और रिश्तों को मजबूत करने का दिन बताया। कुल मिलाकर, शहर में वेलेंटाइन डे उत्साह और शांतिपूर्ण वातावरण में मनाया जा रहा है।








