चित्रकूट में अब धार्मिक यात्रा की शुरुआत करेंगे थानेदार, सेवानिवृत्त सब इंस्पेक्टर ने लिया संकल्प, बरही थाने में बिदाई समारोह

बरही/कटनी, यशभारत। पुलिस विभाग में 42 वर्ष की सेवा उपरांत थाना बरही में पदस्थ सब इंस्पेक्टर दिनेश गौतम आज 31 मार्च को सेवानिवृत्त हो रहे है, जो अब चित्रकूट में आश्रम में रहकर धार्मिक यात्रा की शुरुआत करेंगें। इसके पूर्व 30 मार्च की रात्रि थाना प्रांगण बरही में थाना स्टाफ द्वारा विदाई समारोह का आयोजन किया गया। मंचीय कार्यक्रम के दौरान वीरेंद्र धारवे एसडीओपी विजयराघवगढ़, पूर्व जनपद अध्यक्ष लालजी मिश्रा, नगर परिषद बरही के अध्यक्ष पीयूष अग्रवाल, पूर्व अध्यक्ष सतीश तिवारीए थाना प्रभारी अरविंद चौबे, कैमोर थाना प्रभारी आशीष शर्मा सहित विदा हो रहे सब इंस्पेक्टर दिनेश गौतम सपत्नीक मंचासीन रहे, जिनका सम्मान उपस्थित समस्त पुलिस स्टाफ अधिवक्ता संघ, पत्रकार संघ, जनप्रतिनिधि द्वारा शालश्रीफल और उपहार भेंटकर किया गया। इस दौरान टीआई अरविंद चौबे ने कहा कि विदाई का पल भावुक होता है। पुलिस परिवार से दूर रहकर सारे कर्तव्य छोडक़र पुलिस कर्तव्य का पालन करना बलिदान और समर्पण की सेवा हैए इसमें परिवार का सहयोग जरूरी है। सब इंस्पेक्टर श्री गौतम हर विपरीत स्थिति को संभालने और मुसीबत के वक्त समन्वयन बनाने में पूरी कुशलता के साथ कार्य को अंजाम देते थे। अब श्री गौतम चित्रकूट में आश्रम में रहकर पारिवारिक दायित्वों का निर्वहन करने के साथ.साथ धार्मिक और आध्यात्मिक यात्रा करेंगें। कार्यक्रम का संचालन एसआई विनोदकान्त सिंह और अधिवक्ता मुकेश अग्रवाल ने किया। इस दौरान अभिषेक निगम, एक्टर शरद सिंह, समाजसेवी रामावतार अग्रवाल, सरपंच तीरथ पटेल, गजराज बागरी, पत्रकार दीपक अग्रवाल, आनंद सराफ, संदीप स्वर्णकार, नीरज तिवारी, राजेश केवट, अधिवक्ता बी डी अवस्थी, मनीष दुबे, कल्याणी दुबे सहित पुलिस परिवार एवं नगर के गणमान्यजन मौजूद रहे।
कभी अलविदा न कहना…
विदाई की इस वेला में थाना प्रभारी बरही अरविंद चौबे ने कभी अलविदा न कहना गीत गाकर महफिल में चार चांद लगा दिए। इसके पूर्व उन्होंने जिंदगी एक सफर है सुहाना गीत की शानदार प्रस्तुति दी। वही मुम्बई के सिंगर और एक्टर शरद सिंह ने पल-पल दिल के पास गीत गाकर महफिल को खुशनुमा बना दिया। आभार एसआई विनोदकान्त सिंह ने ज्ञापित किया।






