नरसिंहपुरl नरसिंहपुर पुलिस ने मंगलसूत्र छीनकर फरार लुटेरों को दबोचने में कामयाबी हासिल की है।
इंदौर निवासी एक महिला द्वारा थाना करेली में रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि वह बस से महाराजपुर (जिला सागर) से अपने मायके निरंजन वार्ड, करेली आ रही थी। करेली में बस से उतरने के बाद शाम को, सीएम राइज स्कूल करेली के पास दो अज्ञात मोटरसाइकिल सवार व्यक्तियों ने चाकू दिखाकर उसे डराया तथा उसके गले में पहना लगभग 12 ग्राम वजनी सोने का मंगलसूत्र, जिसकी कीमत करीब ₹1,25,000/- है, छीनकर मौके से फरार हो गए।
अज्ञात लूटेरों की तलाश हेतु विशेष टीम का गठन: करेली क्षेत्र में हुई लूट की घटना को गंभीरता से लेते हुए अज्ञात आरोपियों की पतासाजी हेतु पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीना के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री संदीप भूरिया के मार्गदर्शन में एवं एसडीओपी नरसिंहपुर के नेतृत्व में थाना करेली पुलिस की विशेष टीम गठित की गई। गठित टीम को पुलिस अधीक्षक द्वारा आरोपियों की शीघ्र पतासाजी एवं गिरफ्तारी हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
अज्ञात लुटेरों को तलाश कर चंद घंटों में किया गया गिरफ्तार: थाना करेली पुलिस की विशेष टीम द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए तकनीकी साक्ष्यों एवं मुखबिर सूचना के आधार पर लूट की घटना को अंजाम देने वाले अज्ञात आरोपियों की पहचान की गई। तत्पश्चात सघन तलाशी अभियान चलाकर दो आरोपियों को घटना के चंद घंटों के भीतर ही गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी :
आरोपी 1: मोहम्मद कासिम उर्फ कुन्नू निवासी आजाद वार्ड, नरसिंहपुर।
आरोपी 2: ब्रजेश उर्फ कूक्कू बंजारा निवासी सुभाष वार्ड, नरसिंहपुर।
जप्ती : आरोपियों के कब्जे से एक मोटरसाइकिल, एक चाकू व 12 ग्राम सोने का मंगलसूत्र जप्त किया गया।