घर से पूरी रात बिक रही अवैध शराब, बड़वारा थाना क्षेत्र के मझगवां का मामला, ग्रामीणों ने पुलिस पर लगाया संरक्षण का आरोप

कटनी, यशभारत। बड़वारा थाना क्षेत्र के अंतर्गत मेन रोड पर सोनी टेंट हाउस के सामने स्थित एक मेडिकल के पास मझगवा क्षेत्र में शराब के अवैध कारोबार का मामला सामने आया है। सूत्रों के अनुसार यहां बारेलाल नामक व्यक्ति द्वारा अपने घर से पूरी रात अवैध शराब का विक्रय किया जा रहा है। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि इस अवैध गतिविधि की सूचना स्थानीय बड़वारा पुलिस को पहले ही दी जा चुकी है। शिकायत के बाद लगभग चार दिनों तक अवैध शराब का कारोबार बंद रहा, लेकिन उसके बाद फिर से यह गोरखधंधा शुरू हो गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि अवैध शराब बिक्री के कारण क्षेत्र का माहौल लगातार खराब होता जा रहा है। शराब पीने के बाद लोग गाली-गलौच और हंगामा करते हैं, जिससे महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। आवासीय क्षेत्र में इस तरह की अवैध गतिविधियों से लोगों में डर और आक्रोश का माहौल है। क्षेत्रवासियों का आरोप है कि बड़वारा पुलिस को पूरे मामले की जानकारी होने के बावजूद भी अब तक कोई ठोस और प्रभावी कार्यवाही नहीं की गई है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि अवैध शराब के इस कारोबार पर तत्काल रोक लगाई जाए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि क्षेत्र में शांति और सुरक्षा बनी रह सके। अब देखना यह होगा कि पुलिस प्रशासन इस गंभीर मामले पर कब तक कार्रवाई करता है या फिर अवैध शराब का यह कारोबार यूं ही बेखौफ चलता रहेगा।







